चंडीगढ़। नगर निगम ने बुड़ैल के पास अपनी 8.37 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा के अनुसार 3 बीआरडी के पास स्थित इस भूमि की कीमत लगभग 10.63 करोड़ रुपये है। भूमि को कब्जा मुक्त कराने के दौरान बीएंडआर विभाग के इंजीनियरों के साथ तहसीलदार की एक टीम भी मौजूद रही।
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की भूमि पर लोग बिना किसी अनुमति के काफी सालों से कृषि कार्य कर रहे थे। भूमि को कब्जा मुक्त करवाकर बाड़ लगाने का निर्देश दे दिया गया है। साथ ही निगम में शामिल गांवों में सरकारी भूमि पर भी बाड़ लगाने को कहा गया है ताकि सरकारी भूमि पर कब्जा होने से बचाया जा सके। आयुक्त ने अधिकारियों को कहा कि खाली कराई गई भूमि के लिए योजना बनाई जाए। इस योजना में भूमि का बेहतर उपयोग होने के साथ ही लोगों को राहत देने के लिए क्या संभावनाएं हो सकती हैं, इसका जरूर जिक्र हो।
ज्ञात हो कि सदन की बैठक में भी आम आदमी पार्टी के पार्षद जसबीर सिंह ने सरकारी भूमि पर कब्जा करने का मुद्दा उठाया था। इसके बाद अन्य पार्षदों ने भी कहा था कि सरकारी भूमि पर लोग अपना व्यवसाय करते रहते हैं, हमें पता ही नहीं होता है और हम राजस्व कहां से लाएं यही सोचते रहते हैं। आयुक्त ने उसी समय एसई बीएंडआर को निर्देश देकर मामले की जांच के लिए कह दिया था।