चंडीगढ़। वित्तीय संकट से जूझ रहे नगर निगम को इंफोर्समेंट विभाग का सहारा मिला है। जुलाई माह में ही विभाग ने 17,02,225 रुपये का चालान वसूला है। वहीं, नगर निगम ने 2292 चालान काटे। चालान से वसूली गई यह अब तक की सबसे बड़ी राशि है।
ज्वाइंट कमिश्नर सौरभ अरोड़ा ने बताया कि जब मार्केट खुले तो विभाग के निरीक्षक व उपनिरीक्षक को निर्देश दिए गए थे कि बिना वजह परेशान न किया जाए, लेकिन बरामदों में सामान मिले तो कार्रवाई की जाए। निरीक्षक सुनील दत्त के क्षेत्र में 904 चालान काटे गए, जिससे 7 लाख 97 हजार 700 रुपये जुर्माना वसूला गया। निरीक्षक डीपी सिंह के क्षेत्र में 1304 चालान काटे गए। इससे 9 लाख 4 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया। ज्वाइंट कमिश्नर का कहना है कि लोगों की सहूलियत के लिए सभी उप निरीक्षकों को कहा गया है कि थोड़ी रियायत दी जा सकती है, लेकिन बरामदों में सामान नहीं लगने दिया जाएगा। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा।
टेबल-कुर्सी की पॉलिसी लागू होने के बाद बढ़ेगा रेवेन्यू
नगर निगम जल्द होटल, ढाबों व बूथों के बाहर टेबल कुर्सी लगाने की पॉलिसी लेकर आ रहा है। इससे नगर निगम का रेवेन्यू बढे़गा। इसके लिए निगम का सर्वे चल रहा है। सर्वे के बाद पॉलिसी बनेगी। इसमें दुकानदार कुछ टेबल व कुर्सी अपनी दुकान के बाहर लगा सकेंगे। इसके लिए उन्हें हर माह निगम को शुल्क देना होगा।