15 अप्रैल को राजपुरा में कोरोना का पहला केस मिलने के बाद यहां संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डीसी ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख धारा 144 और कर्फ्यू को सख्ती से लागू करवाएंगे। चंडीगढ़-पटियाला इमरजेंसी में और अपनी ड्यूटी के लिए आने-जाने वाले राजपुरा शहर के अंदर वाले रास्तों के बजाय बाईपास का प्रयोग करेंगे।
17 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव का पहला मामला सामने आया। पुरानी अनाज मंडी के पीछे रहने वाली बुजुर्ग महिला संक्रमित मिलीं। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं और एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल थीं।
18 अप्रैल को 6 नए मामले सामने आए
21 अप्रैल को 5 लोग कोरोना से संक्रमित मिले
22 अप्रैल को 18 नए मामले
24 अप्रैल को 6 नए पॉजिटिव केस सामने आए।
मानसा: दो जमाती मिले पॉजिटिव, आंकड़ा फिर 11
तब्लीगी जमात से जुड़े दो लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिले में कोरोना के मामले नौ ही रह गए थे। शुक्रवार को अन्य 2 जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से आंकड़ा फिर 11 हो गया। स्वास्थ्य विभाग जमातियों के संपर्क में आने वाले करीब 280 व्यक्तियों के नमूने लेकर उसकी जांच कर चुका है।
मानसा में दिल्ली की मरकज समागम से आए और बुढलाडा में रुके जमातियों में से 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह सभी मूलरूप से छत्तीसगढ़ से हैं। इन 11 में से एक महिला और एक पुरुष की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनको डिस्चार्ज कर दिया गया था। शुक्रवार को दो जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एसएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इन व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है, जहां इनकी हालत ठीक है।
कृष्णानगर में पिता-पुत्र के पॉजिटिव आने के बाद अब पुत्र की पत्नी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। यह महिला पिछले कुछ दिनों से गेट हकीमां स्थित अपने ससुराल में रह रही थी। पिता-पुत्र के पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इनके परिवार के कुल नौ सदस्यों का टेस्ट करवाया था। सभी लोग निगेटिव आए। उसकी पत्नी गेट हकीमां में थी, इसलिए उसका सैंपल गुरुवार को लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम को पॉजिटिव आई। महिला को आइसोलेशन वॉर्ड में दाखिल करवा दिया गया है।
लुधियाना: दोराहा की बीडीपीओ पॉजिटिव
छह दिन की खामोशी के बाद शुक्रवार को जिले में फिर कोरोना का नया केस सामने आया है। पहले से कोरोना संक्रमित जिला मंडी बोर्ड अफसर (डीएमओ) की बेटी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। वह दोराहा में बतौर बीडीपीओ तैनात है। जिस दिन से डीएमओ के पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई थी, उसी दिन से वह घर में क्वारंटीन थी। इसलिए संक्रमण के ज्यादा फैलने के आसार नहीं हैं।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को सिविल अस्पताल में लाने की तैयारी हो रही है। अब लुधियाना में कोरोना पीड़ितों की संख्या 20 हो गई है, इसमें 17 केस लुधियाना से है, जबकि एक केस जालंधर, एक फिरोजपुर और एक बरनाला का है। गौरतलब है कि 17 अप्रैल को डीएमओ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह कोरोना संक्रमित दिवंगत एसीपी अनिल कोहली के संपर्क में आईं थी।
जालंधर में शुक्रवार को कोरोना का एक और मरीज मिला। इसके बाद जालंधर में संक्रमितों की संख्या 63 तक पहुंच गई है। पंजाब में संक्रमितों की संख्या में अब मोहाली और जालंधर बराबरी पर हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पांच अन्य लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। जालंधर में शुक्रवार को मिला 36 वर्षीय कोरोना संक्रमित राजनगर बस्ती खेल बावा का रहने वाला है।
स्वास्थ्य विभाग ने उसे सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर दिया है, जबकि उसके संपर्क की सूची तैयार की जा रही है। जिनको आगे होम क्वारंटीन कर उनके सैंपल लिए जाएंगे। जालंधर में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है और प्रशासन के लिए दिक्कत है कि मरीज अलग-अलग इलाकों से मिल रहे हैं, जिस कारण जालंधर के एक दर्जन से अधिक इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।