गुरदासपुर, लुधियाना और जालंधर में बुधवार को कोरोना वायरस के कारण एक-एक मरीज की मौत हो जाने के साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 178 हो गई है। वहीं, बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में 158 नए कोरोना पॉजिटिव केसों की भी पुष्टि हुई है, जिनके साथ कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 6907 हो गई है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन 274 मरीजों के स्वस्थ होने की भी खबर है, जिनके साथ कोरोना को मात देने वाले की तादाद 4828 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक 360189 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इस समय विभिन्न अस्पतालों में 1901 मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में रखा गया है, जिनमें से 57 ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 6 वेंटिलेटर पर हैं। बुधवार को जिन 274 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, उनमें जालंधर के 111, लुधियाना के 41, संगरूर के 20, पटियाला के 18, मोहाली के 12, गुरदासपुर के 8, तरनतारन, फरीदकोट, कपूरथला और मानसा के 1-1, फिरोजपुर के 22, फतेहगढ़ साहिब के 10, फाजिल्का के 14, बठिंडा के 6, नवांशहर व रोपड़ के 3-3, होशियारपुर के 2 मरीज शामिल हैं।
लुधियाना में कोरोना के 53 नए मामले, एक की मौत
कोरोना संक्रमण अब प्रशासनिक अधिकारियों को अपने लपेटे में ले रहा है। बुधवार को एडीसी जगराओं नीरू कत्याल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। लुधियाना में कुल 53 कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। इससे पहले मंगलवार को एडीसी जनरल और एसडीएम खन्ना कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अधिकारियों में फैल रहे कोरोना संक्रमण से हड़कंप का माहौल है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि बुधवार को लुधियाना में कुल 53 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 48 मामले लुधियाना से हैं। इस तरह कुल संख्या 1181 हो गई है। इसमें आठ गांव भामियां, चार चीमा चौक, दो टोका मोहल्ला, एक जमालपुर, एक ताजपुर, एक जनकपुरी, एक मुरादपुर, एक साहनेवाल, एक आलमगीर, एक ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, एक जनता नगर, एक गांव बाजरा, दो डेहलों, एक शक्ति नगर, एक शेख कुतबा, पांच खन्ना व एक न्यू मॉडल टाउन निवासी है।
इनके अलावा निजी अस्पताल और लैब से 11 कोरोना के मामले सामने आए हैं। बुधवार को मोहनदेई अस्पताल में भर्ती डाबा लुहारा निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। वह कोरोना के साथ सांस की बीमारी से पीड़ित थे। लुधियाना में मरने वालों की कुल संख्या 28 हो गई है।