पंजाब में कोरोना का प्रकोप थम नहीं ले रहा। शनिवार को राज्य में महामारी से एक और व्यक्ति की मौत होने के साथ ही राज्य में वायरस से मरने वालों की संख्या 50 हो गई है। वहीं, एक ही दिन में कोरोना के 54 नए मामले सामने आने से हालात चिंताजनक हो गए हैं। हालांकि इस दौरान 23 मरीज ठीक भी हुए हैं।
राज्य में कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 2515 तक पहुंच गई है। वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 2092 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को कोरोना से सबसे ज्यादा 26 केस अमृतसर जिले में दर्ज किए गए, जिनमें 13 नए केस हैं और 13 पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी संपर्क वालों के हैं।
यह भी पढ़ें- ‘मोम की गुड़िया’ के हीरो रवि चोपड़ा जूझ रहे कैंसर से, आर्थिक हालात खराब, सोनू सूद से मांगी मदद
दूसरे सबसे ज्यादा 10 केस लुधियाना जिले में सामने आए हैं। पठानकोट में शनिवार को सभी 5 केस नए हैं जबकि फतेहगढ़ साहिब के 4 केस यूपी से लौटे लोगों के हैं। इसके अलावा फरीदकोट में 2 केसों में से एक पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी का और एक नया केस दर्ज किया गया है। वहीं मानसा में 2 नए केस दर्ज किए गए हैं।
बठिंडा और फाजिल्का में पॉजिटिव पाए गए 1-1 व्यक्ति दिल्ली से लौटे हैं। मोगा में भी पॉजिटिव पाया गया एक व्यक्ति ओडिशा से लौटा है। इनके अलावा बरनाला और मोहाली में भी 1-1 कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 115974 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। शनिवार को जो 23 लोग ठीक हुए, उनमें अमृतसर के 17, गुरदासपुर व मोहाली का 1-1 और संगरूर के 4 मरीज शामिल हैं।