लॉकडाउन 3.0 के दौरान पंचकूला में कोरोना मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। राजीव कालोनी और सेक्टर-पांच थाने के बाद दो और केस सामने आए हैं। इसी के साथ शहर में अब कुल कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 22 हो गई है। रविवार को एक केस सेक्टर-19 से सामने आया है, जबकि दूसरा माजरी चौक से है। माजरी ट्रक यूनियन का 45 साल का ट्रक ड्राइवर पॉजिटिव मिला है। बता दें कि लॉकडाउन 3.0 के प्रारंभ होने से पहले जिले में 18 कोरोना मरीज थे। इनमें से 18 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं चार मरीज डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि रविवार को पंचकूला में दो कोरोना पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई है। इसमें पहला केस माजरी चौक से आया है। वहां 5 मई को टीम ने 10 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से 45 साल के ट्रक ड्राइवर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इनसे संपर्क करके इन्हें सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। आइसोलेशन वार्ड में सिविल अस्पताल के काउंसलिंग स्टाफ की ओर से उसकी काउंसलिंग की जा रही है।
वहीं माजरी चौक के जिस एरिया में ट्रक यूनियन के सदस्य और कोरोना पीड़ित रहते हैं, वहां का पूरा एरिया सील कर दिया गया है। जो भी लोग ट्रक ड्राइवर के संपर्क में आए थे, उनके सैंपल लेकर उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा। वहीं उसके परिवार के सभी सदस्यों के भी सैंपल लिए जाएंगे। जानकारी के अनुसार पंचकूला में पहला केस खड़क मंगोली से सामने आया था। खड़क मंगोली से माजरी चौक पास में है। इसी को देखते हुए एरिया को सील किया गया है।
वहीं दूसरे मामले में सेक्टर-19 में रहते 33 साल के एक युवक ने 8 मई को सिविल अस्पताल में सैंपल दिए थे। वह एक फार्मा कंपनी में काम करते हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं उनके परिजनों के सैंपल लेकर उन्हें भी क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही उनके संपर्क में लोगों के सैंपल लेकर उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा।
तबीयत बिगड़ने पर पांच मई को लौटा था पंचकूला
नालागढ़ (सोलन)। बद्दी की एक फार्मा कंपनी का एचआर जो सेक्टर-19 में रहता है। वह यहां होटल में ठहरा था। लॉकडाउन के बीच 27 अप्रैल को उद्योग में दोबारा काम शुरू होने पर उसे बुलाया गया था। इस बीच तबीयत बिगड़ने के कारण वह 5 मई को वापस पंचकूला चला गया था। एसडीएम प्रशांत देष्टा ने बताया कि मरीज के यात्रा इतिहास को खंगालने के बादसंपर्क में आने वालों के सैंपल लिए जाएंगे। फिलहाल कंपनी और होटल को निगरानी में ले लिया है।
पंचकूला में कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करके उनका इलाज चल रहा है। लोगों से अपील है कि जिन्हें भी कोरोना वायरस होने का शक है, वे अस्पताल के स्पेशल फ्लू वार्ड में आकर अपना सैंपल दे सकते हैं। जांच के साथ ही लोगों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
-डॉ. जसजीत कौर, सीएमओ, सिविल अस्पताल, सेक्टर-6 पंचकूला