कोरोना का मुकाबला कर रहे पंजाब के लिए शुक्रवार का दिन अब तक का सबसे बुरा दिन रहा। राज्य में शुक्रवार को 9 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। राज्य में अब तक एक ही दिन में अधिकतम 6 मौतें दर्ज की गई थीं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 92 हो गई। वहीं, 24 घंटे में 217 नए पॉजिटिव केस भी दर्ज किए गए हैं। राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 3832 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 227012 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। विभिन्न अस्पतालों में इस समय 1104 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से अमृतसर व जालंधर के 2-2 मरीजों समेत 27 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 4 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। बीते 24 घंटों में राज्य में 66 मरीजों के ठीक होने की भी खबर हैं, जिनके साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा 2636 हो गया है। शुक्रवार को जो मरीज स्वस्थ हुए, उनमें अमृतसर के 33, पठानकोट के 18, मोहाली के 5, गुरदासपुर के 3, फाजिल्का के 2, पटियाला, रोपड़, मुक्तसर, बठिंडा और कपूरथला के 1-1 मरीज शामिल हैं।
जालंधर में एक दिन में 78 नए मामले
कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। आरएसएस के 12 कर्मियों समेत जालंधर में 78 मामले सामने आए हैं। 12 पॉजिटिव आरएसएस के सर्वहितकारी स्कूल के हैं। जिले में कोरोना कोने-कोने में फैल गया है। शुक्रवार को जिले में 78 नए मिले। इसके बाद जिले में कुल मामले 496 हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- शहीद के ताबूत से लिपट मां बोली--‘खड़ा हो जा पुत्त ‘मोहनी’ कित्थे चला गया तूं, रब्बा मैनूं चक लेंदा’
शुक्रवार को आए पॉजिटिव केसों में एक कैदी के अलावा बस्ती बावा खेल थाने में बंद एक आरोपी भी शामिल है। इसके अलावा छह पुलिस कर्मचारी भी संक्रमित हो गए हैं। न्यू गोबिंद नगर, सूरत नगर, मकसूदां, सैनिक विहार, मिट्ठापुरा रोड, धर्मपुरा, पक्का बाग, काव्या कालोनी, फेज-2, बूटा मंडी, समस्तीपुरा, सर्वहितकारी स्कूल (गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू), पटेल नगर, अजीत नगर गली नंबर 10, न्यू अमर नगर, न्यू संतोख पुरा बैकसाइड केएमवी कॉलेज, रंजीत नगर एन्क्लेव, सूर्या एन्क्लेव, शेखांमबाजार, न्यू शास्त्री नगर, न्यू गौतम नगर, कंदोला खुर्द, बिलगा, नागरा, बाबू लाभ सिंह नगर, गांव तलवंडी संघेरा और शाहकोट में नए केस मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोरोना के नोडल अफसर डॉ. टीपी सिंह का कहना है कि विभाग की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना कर दिया गया है। मरीजों को आइसोलेट किया जाएगा और उनके संपर्कों की सूची तैयार की जा रही है। सर्वहितकारी स्कूल में तमाम लोगों के सैंपल लिए गए हैं।