देश में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लॉकडाउन के बावजूद नए कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला जारी है। उनके इलाज में वेंटिलेटर की कमी न आए इसे ध्यान में रखते हुए स्वामी विवेकानंद इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (स्वाइट) के स्टूडेंट मोहम्मद जवाद ने बेहद सस्ता वेंटिलेटर तैयार करने का दावा किया है। मोहम्मद जवाद जम्मू-कश्मीर बदरवा गांव का रहने वाला है।
छात्र के मुताबिक, उसने जो वेंटिलेटर बनाया है, उसकी कीमत पांच से छह हजार रुपये है। जब यह बड़े पैमाने पर बनाया जाएगा तो और सस्ता होगा। इस सस्ते वेंटिलेटर को बनाने के लिए उन्हें एक औद्योगिक भागीदार की जरूरत होगी, जिससे वो कम कीमत पर इसे अस्पतालों को मुहैया करा पाएंगे। वेंटिलेटर की डॉक्टर टेस्टिंग कर रहे हैं। वेंटिलेटर बनाने वाले का दावा है कि वो इस पर कोई रॉयल्टी नहीं वसूलेंगे।