हरियाणा सरकार मई और जून में 1.38 लाख गरीब परिवारों को राशन बाटेंगी। यह राशन डिस्ट्रेस राशन टोकन के जरिये मिलेगा। लाभार्थी परिवारों को इसके लिए सिर्फ अपना आधार कार्ड और टोकन दिखाना होगा। ये गरीब परिवार बीपीएल, एएवाई और ओपीएच वर्ग के गरीबों और जरूरतमंद परिवारों से अतिरिक्त है। ये बिना राशन कार्ड वाले या हरे राशन कार्ड वाले चिन्हित किए गए वाकई गरीब परिवार हैं।
सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि टोकन सिस्टम से इन अतिरिक्त गरीब परिवारों को राशन वितरण के दौरान यदि किसी प्रकार का फर्जीवाड़ा हुआ तो इसके लिए संबंधित डिपो चालक और निरीक्षक दोनों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इन परिवारों को जिला स्तर पर गठित की गई लोकल कमेटी की ओर से चिन्हित किया गया है। जबकि इनमें से कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिन्होंने सीएम के ट्विटर पर अपने दयनीय हालातों से अवगत कराते हुए राशन की मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर आए इन आवेदनों को लोकल कमेटियों को फॉरवर्ड किया था। जिसके बाद इन लोगों को भी सरकार की डिस्ट्रेस राशन टोकन स्कीम में शामिल किया गया।
गेहूं पहुंचा, नेफेड से जल्द मिलगी अतिरिक्त दाल
हरियाणा सरकार ने इसके लिए एफसीआई से हजारों टन अतिरिक्त गेहूं और नेफेड से 120 टन चना दाल मांगी है। एफसीआई से गेहूं प्राप्त होना शुरू हो गया है। जिसे जिला आपूर्ति एवं खाद्य निरीक्षकों पारा उठाना भी शुरू कर दिया गया है । जबकि नेफेड से भी जल्द दाल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। प्रति सदस्य 5 किलो गेहूं और प्रति परिवार 1 किलो मूंग छिलका की दाल इन गरीब लोगों को बांटी जानी है। यह राशन लोकल कमेटियों की निगरानी में राशन डिपो पर ही बांटा जाएगा।