हरियाणा सरकार ने चीन की कंपनियों को दिए गए ऑर्डर रद्द कर दिए हैं। अब साउथ कोरिया से रेपिड टेस्ट किट मंगवाई गई हैं। प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमने चीन की दो कम्पनियों के ऑर्डर रद्द करके साउथ कोरिया की कंपनी को ऑर्डर दिए हैं, जो मानेसर में टेस्टिंग किट बना रही है। साउथ कोरिया की कंपनियों को एक लाख किट का ऑर्डर दिया गया था और 25000 किट कंपनी ने हरियाणा को सौंप भी दी है। किट चीन से लगभग आधे दामों में और अच्छी गुणवत्ता के साथ मिल रही हैं।
10 जिले हो गए कोरोना मुक्त
हरियाणा के 10 जिले कोरोना मुक्त होने पर गृहमंत्री विज ने बधाई देते कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम अच्छा काम कर रही हैं। इसीलिए हरियाणा देश मे आज सबसे आगे है। यहां कोरोना मरीजों के डबल होने की रफ्तार लगभग 14 दिन है, जबकि देश में यह 7.5 दिन है। हरियाणा में रिकवरी रेट 57% है, वहीं देश में केवल 16 फीसदी है। यह कोरोना योद्धाओं की कर्मठता का ही परिणाम है।
अनुशासन तोड़ोगे तो लड़ाई लंबी चलेगी
मुख्यमंत्री द्वारा कुछ जगह दी गई छूट को वापस लेने पर गृहमंत्री अनिल विज ने कहा के अगर लोग अनुशासन तोड़ेंगे तो उन्हें यह मान लेना चाहिए कि लड़ाई अभी काफी लंबी चलनी है। यदि सरकार छूट दे रही है तो लोगों को यह भी नहीं मानना चाहिए कि सब कुछ पहले जैसा हो गया है। हमारी कामना है कि स्थिति पहले जैसी सामान्य हो जाए, लेकिन इसमें कितना समय लगेगा, इसका कुछ भी पता नहीं है। लोग छूट का नाजायज फायदा उठाते हैं, इसलिए पहले दिन ही चेतावनी दी गई थी।