फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'मैं भी हरजीत'...बैज लगाकर पंजाब पुलिस का एसआई को सलाम, डीजीपी दिनकर गुप्ता ने भी लगाया

Mon, 27 Apr 2020 02:52 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
डीजीपी दिनकर गुप्ता - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को पूरा पंजाब ट्विटर पर सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह के समर्थन में सामने आया। वहीं, पंजाब पुलिस के लगभग 80 हजार जवानों ने हरजीत सिंह के नाम का बैज लगाया। पटियाला में कर्फ्यू का उल्लंघन करने से रोकने पर गुस्साए निहंगों ने हरजीत सिंह का हाथ काट दिया था, जिसे पीजीआई में ऑपरेशन के बाद जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने हरजीत का एक वीडियो ट्वीट करके टिप्पणी की कि ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हरजीत ठीक हो रहे हैं और उनके हाथ में हरकत फिर शुरू हो गई है।’ 

विज्ञापन


डीजीपी दिनकर गुप्ता ने सोमवार सुबह 10 बजे ट्विटर मुहिम #मैं भी हरजीत सिंह की शुरुआत की। यह मुहिम देश भर के पुलिस मुलाजिमों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर किसी भी तरह के हमले के विरुद्ध एकता की पहल के तौर पर शुरू की गई, जोकि कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में डटे हुए हैं। डीजीपी ने ट्वीट किया कि वह खुद पूरा दिन अपने अधिकारिक नाम के बजाय ‘हरजीत सिंह’ का बैज लगाएंगे।


कैप्टन ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह मुहिम इस मुश्किल समय में देश भर में कोरोना योद्धाओं के मनोबल को उत्साहित करेगी। उधर, केरल पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, गुजरात पुलिस और अन्य लोगों की तरफ से सहायता के संदेश पहले ही आ चुके हैं। गायक गुरदास मान और क्रिकेटर हरभजन सिंह जैसी मशहूर हस्तियों ने भावुकता और प्यार भरे आकर्षक वीडियो पोस्ट किए। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी बहुत से मैसेज पोस्ट किए जा रहे हैं।

विज्ञापन


सोशल मीडिया पर 3 लाख लोग हुए मुहिम में शामिल 
इस मुहिम ने ट्विटर जगत को जोश में ला दिया। दोपहर 1 बजे तक यह मुद्दा #27 से टॉप 10 पर पहुंच गया। शाम 5 बजे तक 3 लाख से अधिक लोग इस मुहिम में शामिल हो गए थे और पंजाब के लगभग 80,000 पुलिसकर्मियों ने अपना नाम बैज बदलकर ‘हरजीत सिंह’ कर दिया। व्हाट्सएप पर संदेश भेजने के अलावा ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर संदेश और तस्वीरें पोस्ट की गईं। 

पुलिस कर्मचारियों के परिवार और दोस्त भी ऐसा करते दिखे। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा, ‘हम एसआई हरजीत और पंजाब पुलिस के प्रति प्यार और सत्कार के लिए मान महसूस करते हैं। मैं हमारे सभी पुलिस कर्मचारियों, उनके परिवारों, दोस्तों और प्रशंसकों और सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं कि वह इस घड़ी में हमारे लिए अच्छी कामना करते हैं। # मैं भी हरजीत सिंह मुहिम अगले कई दिनों तक चलाई जाएगी।’

गुजरात के डीजीपी ने भी की तारीफ

गुजरात के डीजीपी ने पंजाब पुलिस के इस कैंपेन की सराहना की। उन्होंने एसआई हरजीत सिंह को पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए उनकी बहादुरी को सराहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुश्किल वक्त में जिस तरह की हिम्मत और धैर्य दिखाया, वह काबिलेतारीफ है। पुलिस जवानों को उनसे प्रेरणा लेते हुए अपनी ड्यूटी व जिम्मेदारियों को पूर्ण समर्पण भाव से निभाना चाहिए।

पठानकोट के एसएसपी ने भी सराहा
पठानकोर्ट के एसएसपी दीपक हिलोरी ने कहा कि हरजीत सिंह ने बहादुरी का परिचय देकर पुलिस जवानों में एक जोश भरा है। वे जवानों के लिए मिसाल बनकर उभरे हैं। उनके जीवन से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए कि चाहे कुछ भी हो जाए, ड्यूटी पर डटे रहेंगे। जनसेवा करते रहेंगे, जो हमारा पहला कर्तव्य है। हमें हरजीत सिंह के नाम का बैज लगाकर काफी गर्व महसूस हो रहा है।

हरजीत के नाम पर बनेगा खेल मैदान
पटियाला में भी एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू समेत सभी पुलिस कर्मचारियों ने 'मैं भी हरजीत सिंह' मुहिम में हिस्सा लिया। उधर, हरजीत सिंह के ही गांव के रहने वाले एक अन्य पुलिस के हवलदार गुलाब सिंह ने इस जांबाज अधिकारी के नाम पर गांव धारोंकी में खेल का मैदान बनाने के लिए एक एकड़ जमीन देने का एलान किया। अपनी जमीन में से नाभा के गांव धारोंकी में बच्चों के लिए खेल का मैदान बनाने के लिए एक एकड़ जमीन देने वाले गुलाब सिंह का कहना है कि उनके गांव में कोई खेल का मैदान नहीं है। इसलिए यह नया बनने वाला खेल का मैदान कई नए हरजीत सिंह पैदा करेगा।

विजिलेंस के अफसरों ने लगाई हरजीत सिंह के नाम की नेम प्लेट

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह की बहादुरी की प्रशंसा की। मुख्य डायरेक्टर व एडीजीपी बीके उप्पल के नेतृत्व में विजिलेंस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने हरजीत सिंह के नाम की नेम प्लेट लगाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

कमिश्नर से कांस्टेबल तक ने लगाई हरजीत सिंह के नाम की प्लेट
बहादुर सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह की बहादुरी को सैल्यूट करने के लिए जालंधर के कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी गुरमीत सिंह, डीसीपी बलकार सिंह, एडीसीपी परमिंदर भंडाल, एसएसपी देहात नवजोत सिंह माहल, एसपी रविंदरपाल संधू समेत तमाम पुलिस अधिकारियों से लेकर कांस्टेबलों तक ने हरजीत सिंह के नाम की प्लेट लगाकर उसको सैल्यूट किया और संदेश दिया कि मैं भी हरजीत सिंह हूं। 

घरों में रहकर कर्फ्यू और लॉकडाउन का पालन करें लोग: डीएसपी
हरजीत सिंह की बहादुरी को सलाम करते पुलिस कर्मियों ने सोमवार को 'मैं भी हरजीत सिंह' अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस कर्मियों और अधिकारियों ने हरजीत सिंह के बैज लगाकर उनकी बहादुरी को नमन किया। डीएसपी अमरनाथ ने लोगों से अपील की कि पुलिस कर्मचारी इस मुश्किल घड़ी में जान हथेली पर रख कर काम कर रहे हैं, वहीं सबका फर्ज बनता है कि घरों में रहते हुए कर्फ्यू व लॉकडाउन के संबंध में सरकार के निर्देशों का पालन कर कोविड-19 से छुटकारा पाने में अपनी और सबकी मदद करें।

पटियाला हादसे के पीड़ित एसआई हरजीत सिंह का बढ़ाया हौसला
फतेहगढ़ साहिब में कोविड -19 विरुद्ध लड़ी जा रही जंग में फ्रंटलाइन योद्धाओं को एकजुटता का संदेश देते हुए एसएसपी अमनीत कौंडल के नेतृत्व में मैं भी हरजीत सिंह और मैं भी पंजाब पुलिस का नारा बुलंद कर विशेष मुहिम चलाई गई। इसमें सभी पुलिस अधिकारियों और मुलाजिमों ने ड्यूटी के दौरान पटियाला में जख्मी हुए एसआई हरजीत सिंह के नाम की प्लेट अपनी वर्दी पर लगाकर हौसला बढ़ाया गया। 
विज्ञापन

श्री कीरतपुर साहिब की पुलिस ने लगाए हरजीत सिंह के नाम के बैज

पुलिस तथा डॉक्टरों पर हुए हमले के बाद पंजाब पुलिस की ओर से एकजुटता दिखाने के लिए श्री कीरतपुर साहिब के पुलिस कर्मियों ने हरजीत सिंह को समर्पित एक अभियान के तहत उनके नाम का बैज लगाए। 

एक दिन के लिए हरजीत सिंह बन गए सभी पुलिस कर्मचारी
अबोहर में भी जांबाज एसआई हरजीत सिंह की बहादुरी को सलाम किया गया। सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने नेम प्लेट के स्थान पर हरजीत सिंह के नाम की नेम प्लेट लगाई। डीएसपी ग्रामीण संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसा करने का मकसद उन लोगों को पुलिस की एकजुटता का संदेश देना है जो कोरोना की जंग में पहली लाइन में खड़े पुलिस कर्मचारियों व डॉक्टरों पर हमला करते हैं। 

एकजुटता का प्रतीक बन कर उभरा 'मैं भी हरजीत सिंह' अभियान 
पंजाब में हरजीत सिंह का नाम एकजुटता के प्रतीक के रूप में उबर कर सामने आया है। अभियान में गुरदासपुर प्रशासन, पुलिस कर्मचारियों, आम जनता से लेकर बच्चों तक ने बढ़कर कर हिस्सा लिया। एक तरफ पुलिस प्रशासन की ओर से अपने नाम का बैच हटा कर हरजीत सिंह के नाम का बैच लगाया गया। वहीं सोशल मीडिया पर बच्चों ने भी हरजीत सिंह का बैनर पकड़ कर कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही इस जंग में फ्रंट पर लड़ने वाले कोरोना योद्धाओं की हौसला अफजाई की।

अभियान के चलते गुरदासपुर पुलिस की ओर से शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। एसएसपी गुरदासपुर ने कहा कि पुलिस तथा कोरोना को हराने के लिए हर फ्रंट पर लड़ रहा योद्धा लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी जान को जोखिम में डालता है। यह बात सभी को समझनी चाहिए और उनका साथ देना चाहिए।

हरजीत सिंह के समर्थन में निकला फ्लैग मार्च 
मलोट थाना सदर व सिटी पुलिस के जवानों ने पटियाला नाके पर घायल हुए हरजीत सिंह के समर्थन में बैच लगाकर प्लैग मार्च किया। लुधियाना पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने भी अपनी वर्दी पर हरजीत सिंह का नाम लिखा। पुलिस कमिश्नर ने कोरोना के खिलाफ फ्रंट फुट पर जंग लड़ रहे डॉक्टर्स पर फूल बरसा कर उन्हें सैल्यूट किया।  
 
फरीदकोट में भी हरजीत सिंह की बहादुरी को सलाम 
डीजीपी पंजाब की हिदायतों पर सोमवार को फरीदकोट पुलिस की तरफ से भी पटियाला पुलिस के जांबाज एसआई हरजीत सिंह की बहादुरी को सलाम किया गया। एसएसपी से लेकर कांस्टेबल तक सभी ने 'मैं भी हूं हरजीत सिंह' की नेम प्लेट लगाई। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें