जिले के ब्लॉक मतलौडा के गांव जोशी में क्वारंटीन पीरियड पूरा होने के बाद एक वेल्डर की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके शव को सिविल अस्पताल लेकर आई। उसका पोस्टमार्टम किया गया, उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। गांव जोशी निवासी 28 वर्षीय सुंदर सिंह वेल्डर था और थर्मल प्लांट में कार्य के लिए जाता रहता था। काम के चलते ही वह कोटा गया था और वहां से लौटने के बाद से क्वारंटीन कर दिया गया था। उसे 29 मार्च से होम कवारंटीन किया गया था।
वह कोटा गया था और लौटने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसे होम कवारंटीन कर दिया गया था। उसमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं थे, जिसके चलते उसका सैंपल नहीं लिया गया था, सिर्फ कवारंटीन किया गया था। उसका 14 दिन का कवारंटीन पीरियड भी पूरा हो गया था। मंगलवार की सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो उसे मृत पाया गया। उसे कवारंटीन किए जाने की वजह से स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पहुंची और शव सिविल हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसका पोस्टमार्टम कराया गया। उसका एक 6 वर्ष का बेटा है।
राजस्थान के कोटा पावर प्लांट में काम करने गया था सुंदर
वह 29 मार्च को राजस्थान के कोटा शहर के पावर प्लांट में काम करके आया था। उसके साथ उसके और अन्य साथी भी गए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे 29 मार्च से लेकर 13 अप्रैल तक घर ही क्वरंटइन किया हुआ था। क्वारंटीन पीरियड पूरा करने के बाद वह स्वस्थ था।
रविवार को गांव में लोगों से की बात, खाना खाकर गया था सोने
सुंदर के बड़े भाई मानू ने बताया कि वह बीमार नहीं था। उसे खांसी, जुकाम या बुखार नहीं हुआ था, फिर भी एहतियातन क्वारंटीन पीरियड वह पूरा कर चुका था। रविवार को गांव में लोगों की उसके साथ बातचीत भी हुई थी। सोमवार की रात को भी खाना खाने के बाद बातचीत कर ठीकठाक सोने गया था।
मतलौडा पीएचसी इंचार्ज तरुण ने बताया कि पोस्टमार्टम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा। उसके सैंपल जांच के लिए नही भेजे हैं, क्योंकी उसमे कोरोना के लक्षण नही थे और कवारंटीन पीरियड भी पूरा हो चुका था।