कोरोना से जंग लड़ रहे पंजाब के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत भरा रहा। राज्य में बठिंडा में एक और लुधियाना में सात पॉजिटिव मामले सामने आए, जिसमें एक आरपीएफ का जवान है। लेकिन लुधियाना में आए सभी मामले पंजाब के बाहर के हैं, इसलिए वे यहां शामिल नहीं किए जाएंगे। जबकि सूबे में एक ही दिन में 28 और मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। हालांकि राज्य में कोरोना से पीड़ित लोगों की कुल संख्या 2029 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बठिंडा में एक एनआरआई पॉजिटिव मिला है। वह दुबई से आया था। इसके अलावा पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के किसी अन्य हिस्से से कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया है। इस दौरान जालंधर में 7, संगरूर में 1, रोपड़ में 6, फतेहगढ़ साहिब में 2, बठिंडा में 4 और मानसा में 8 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब रहे।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में फंसे 100 भारतीय लौटे, वतन की माटी चूमी, जय हिंद बोले, बताया- कैसा है न्यूयार्क का हाल
साथ ही राज्य में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1847 हो गई है। राज्य में अब तक 62,399 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की गई है, जिनमें से 55,777 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। 4593 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 143 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से मरीज गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर है। राज्य में अब तक कोरोना महामारी से 40 लोगों की जान जा चुकी है।
कोरोना मुक्त हुआ जिला फाजिल्का: जीसी
फाजिल्का के सभी 44 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। 41 मरीजों को पहले अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। शुक्रवार को बाकी के तीन मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आते ही इन्हें घर भेज दिया गया। इसके साथ ही अब जिला फाजिल्का पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गया है। डीसी अरविंद्र पाल सिंह संधू ने यह जानकारी दी। उन्होंने सभी लोगों को अब पूरी तरह से सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।
उन्होंने बताया कि जिले को कोरोना मुक्त करने में स्वास्थ्य, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग रहा है। उन्होंने सभी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए जिला वासियों से अपील की कि वे पहले की तरह सावधान रहें और घरों से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य लगाएं। दो गज की दूरी बनाए रखें।