फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: फतेहगढ़ साहिब में दो महिलाओं में कोरोना की पुष्टि, रोपड़ में मां-बेटा भी मिले पॉजिटिव 

Tue, 07 Apr 2020 12:48 AM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहगढ़ साहिब ( पंजाब)
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की टीम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

औरंगाबाद महाराष्ट्र की रहने वाले 11 लोगों के एक समूह की दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। फतेहगढ़ साहिब में दोनों कोरोना के पहले मामले हैं। दोनों महिलाओं की उम्र 50 से 55 वर्ष के आसपास है। यह समूह 10 से 14 मार्च तक दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेकर सानीपुर गांव फतेहगढ़ साहिब लौटा था। यहां यह परिवार 14 से 17 मार्च तक रहा। फिर 17 से 21 मार्च तक ये लोग उंच्चा पिंड संघोल में रहे।

विज्ञापन


इसके बाद 21 मार्च से 3 अप्रैल तक खमाणों के गांव मनैली में किसी मस्जिद में रुके थे। जैसे ही इन लोगों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली तो खमाणों के सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इनकी जांच की गई। रविवार को दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिली। सरकार से मिले आदेश के बाद रात को ही दोनों महिलाओं को ज्ञान सागर अस्पताल राजपुरा में शिफ्ट कर दिया गया। साथ ही जिले के चार गांवों को सील कर दिया गया है। 

इसमें गांव सानीपुर, संघोल, खोजेमाजरा और मनैली के नाम शामिल हैं। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि सभी लोग महाराष्ट्र के औरंगाबाद से हैं। इनमें जिले का कोई निवासी नहीं है। कोरोना पीड़ित मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों को घरों में ही क्वारंटीन किया गया है और सैंपल भी लिए जा रहे हैं। सारे इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है।

विज्ञापन

जिले में 145 लोग एकांतवास में रखे, 16 के सैंपल लिए

सिविल सर्जन ने बताया कि गांव सानीपुर में पीड़ित महिलाओं के संपर्क में आए 35 लोगों को ट्रेस कर एकांतवास में किया गया है। इनमें 3 के सैंपल लिए गए हैं। संघोल में 64 लोगों को एकांतवास तथा 9 के सैंपल लिए गए हैं। गांव मनैली में 46 लोगों को एकांतवास कर 5 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें गांव सानीपुर के 9 परिवारों को 6 अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल तक एकांतवास में रखा गया है।

रोपड़ में मां-बेटा कोरोना पॉजिटिव 
रोपड़ में कोरोना वायरस के दो और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। गौरतलब है कि बीते दिन मोरिंडा के गांव चतामली निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस व्यक्ति के पारिवारिक सदस्यों और उसके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए थे। डीसी सोनाली गिरी ने बताया कि इस व्यक्ति की पत्नी (54) और बेटे (16) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि इन्हें बनूड़ के ज्ञान सागर अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।

कोरोना पीड़ित महिला की हालत बिगड़ी, पटियाला रेफर
बरनाला में कोरोना वायरस से पीड़ित महिला की अचानक हालत बिगड़ जाने पर सोमवार को राजिंदरा अस्पताल (पटियाला) रेफर कर दिया। उसे सिविल अस्पताल के डॉक्टर मनप्रीत सिंह सिद्धू की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम पटियाला ले गई। एसएमओ डॉक्टर ज्योति कौशल ने बताया कि महिला को अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। जिस कारण उसे तुरंत राजिंदरा अस्पताल रेफर करना पड़ा। महिला के साथ दो डॉक्टर, एक अटेंडेंट व अन्य स्टाफ है। 
विज्ञापन

एसएमओ डॉक्टर ज्योति कौशल ने बताया कि अब तक अस्पताल के पांच मुलाजिमों समेत कुल 11 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। जिनमें महिला के पति, बेटी के अलावा उसके मकान मालिक के परिवार के चार व्यक्ति शामिल हैं, जिनकी रिपोर्ट मंगलवार को आने की संभावना है। उन्होंने बताया के जिले में कुल 36 व्यक्तियों के सैंपल भेजे गए हैं। जिनमें से 24 की रिपोर्ट नेगेटिव व एक की पॉजिटिव आई है। 

कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए फिरोजपुर के 17 लोग क्वारंटीन 
फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर कुलवंत सिंह ने बताया है कि फरीदकोट के कोरोना पॉजिटिव मरीज के साथ संपर्क रखने वाले कुल 17 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। फरीदकोट में हरिंदर नगर के रहने वाले एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और उस व्यक्ति के कुछ रिश्तेदार फिरोजपुर के रहने वाले हैं। 

डीसी ने बताया कि इन रिश्तेदारों और अन्य लोगों को कोरोना के प्रभाव से बचाने के लिए लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 17 व्यक्तियों को होम क्वारंटीन किया गया है, जिनमें से 11 व्यक्ति फिरोजपुर शहर और छह लोग फिरोजपुर छावनी के रहने वाले हैं। इन व्यक्तियों के घर के बाहर क्वारंटीन के नोटिस चिपकाए गए हैं और पुलिस मुलाजिमों को भी तैनात किया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें