डीसी गुरप्रीत सिंह खेहरा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कोरोना मृतका का परिवार एक शादी समारोह में शामिल हुआ था, जिसमें विदेश से आया एक मेहमान शामिल था। उसी मेहमान से महिला संक्रमित हुई। उसके बाद परिवार समेत कुल 116 लोग महिला और उसके परिवार के संपर्क में आए।
इनमें से 99 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। महिला की मौत के बाद परिवार के 6 लोग पॉजिटिव आए हैं। 62 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। 27 लोगों की रिपोर्ट आना है। 4 लोगों के सैंपल दोबारा भेजे जाने हैं। डीसी ने बताया कि मृतका के बेटे की किराना की दुकान है और वहां पर बायोमीट्रिक तरीके से 40 लोगों को गेहूं बांटा गया था। महिला के आढ़ती बेटे के संपर्क में भी काफी लोग थे।
सुजानपुर में 600 परिवारों को छोड़कर सभी को मिलेगी छूट
डीसी गुरप्रीत सिंह खेहरा ने बताया कि सुजानपुर में बड़ी संख्या में मिले मरीजों के बाद वहां के लोगों को कर्फ्यू में मिल रही ढील वापस ले ली गई थी। अब रिपोर्ट को देखते हुए शेखां मोहल्ला और आसपास के 600 परिवारों को छोड़ बाकी लोगों को कुछ सहूलियतें दी जाएंगी। शेखां मोहल्ला और आसपास के एरिया में लोगों को जरूरतों का सामान घर पर ही भेजा जाएगा।
कस्बा जंडियाला गुरु में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। युवक को श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल में स्थापित आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवा दिया गया है। वहीं इस नौजवान के 13 परिजनों को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सभी को जीएनडीएच में स्थापित क्वारंटीन वार्ड में अलग गया है। इन सभी के टेस्ट किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार युवक स्टडी वीजा पर इंग्लैंड गया था। 22 मार्च को इंग्लैंड से श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां पर युवक की थर्मल स्क्रीनिंग की गई थी। टेस्ट में वह सही पाया गया था। क्वारंटीन की अवधि खत्म होने के बाद जब स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा उसकी जांच की तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
युवक के पिता तरनतारन-वेरोवल रोड में दूध की डेयरी चलाते हैं। इसके साथ ही उनके एक रिश्तेदार की किराना की दुकान भी है। युवक इन दोनों दुकानों में जाता रहा है। वहीं युवक दवा लेने के लिए भी एक मेडिकल स्टोर में गया था। अब स्वास्थ्य विभाग इन दुकानों पर आने वाले लोगों की तलाश में जुट गया है। प्रशासन ने युवक के घर की तरफ जाने वाली सड़क को सील कर दिया है।
बरनाला में एक और संदिग्ध मिला
बरनाला के कस्बा महलकलां के गांव कुतबा से एक और संदिग्ध को आइसोलेट किया गया है। करीब दो वर्ष पहले उक्त युवक ने सिख धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया था। वह पिछले माह लुधियाना में इस्लामिक भाईचारा के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जहां शायद वह किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आ गया।
लुधियाना प्रशासन द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के बाद उसे आइसोलेट किया गया है। हालांकि उसकी तलाश में स्वास्थ्य विभाग को काफी मशक्कत भी करनी पड़ी क्योंकि युवक ने तो इस्लाम धर्म अपना लिया था लेकिन गांव में उसकी पहचान सिख के तौर पर ही थी। उसके सैंपल पटियाला राजिंदरा अस्पताल भेजे गए हैं। रिपोर्ट शुक्रवार तक आएगी। वहीं सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदर वीर सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला की बेटी के सैंपल दोबारा भेजे गए हैं। महिला की हालत में सुधार है। महिला के संपर्क में आए 11 लोगों में से 10 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
संगरूर: पहला कोरोना पॉजिटिव केस मिला
कोरोना ने संगरूर में भी दस्तक दे दी है। यहां के गांव गग्गड़पुर के एक बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि वह पिछले कई दिनों से मस्तुआना साहिब में एकांतवास में था। इसके बाद गांव गग्गड़पुर को पूरी तरह से सील कर दिया। डीसी घनश्याम थोरी ने बताया कि गांव गग्गड़पुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग 24 मार्च को दिल्ली से साहनेवाल जहाज से आया था। उस जहाज में लुधियाना के गांव राजगढ़ का एक व्यक्ति भी था। जिसका रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके बाद लुधियाना के सिविल सर्जन ने डाटा भेजा था कि उस जहाज में जो व्यक्ति मौजूद थे, उनकी जांच की जाए। डीसी ने बताया कि बुजुर्ग को पिछले कई दिनों से मस्तुआना साहिब में एकांतवास में रखा गया है। विभागीय आदेश के बाद जब उनका सैंपल भेजा गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।