पंजाब में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बीते 24 घंटे के दौरान पंजाब में इस महामारी से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 362 नए केस सामने आए हैं। इनमें से 357 लोग अन्य राज्यों से पंजाब में लौटे हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 1102 हो गई है।
रविवार को लुधियाना के अस्पताल में दो कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। इनमें 62 वर्षीय महिला कमला देवी लुधियाना की बस्ती जोधेवाल रहने वाली थी और 65 वर्षीय निरंजन दास फगवाड़ा का रहने वाला था। फरीदकोट में 40 वर्षीय अशोक कुमार ने भी दम तोड़ दिया। वह फिरोजपुर का रहने वाला था।
इसके साथ राज्य में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। सेहत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अमृतसर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है जिसमें रविवार को 75 नए केस दर्ज किए गए। वही नवांशहर शहर में 62, होशियारपुर में 46, बठिंडा में 33, मुक्तसर में 43 और लुधियाना में 17 केस नए दर्ज हुए हैं।
इनके अलावा पटियाला में एक, मोहाली में दो, मानसा में तीन, बरनाला में दो, संगरूर में चार, गुरदासपुर में 24, जालंधर में चार, फिरोजपुर में दो , रोपड़ में नो, फतेहगढ़ साहिब में 4 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। खास बात यह है कि रविवार को जिन 362 पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई है उनमें से 357 मामले नांदेड़ समेत अन्य राज्यों से लौटे पंजाबियों के हैं।
संक्रमितों की जिलावार संख्या
कोरोना पीड़ितों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर में 258, जालंधर में 119, लुधियाना में 138, मोहाली में 93, पटियाला में 89, होशियारपुर में 112, मोगा में 28, फिरोजपुर में 28, गुरदासपुर में 29, पठानकोट में 25, नवांशहर में 66, तरनतारन में 14, मानसा में 13 और कपूरथला में 15, फतेहगढ़ साहिब में 12, फरीदकोट व संगरूर में 6-6, मुक्तसर में 49, रोपड़ में 5, फाजिल्का में 4 और बरनाला व बठिंडा में 2-2 केस हुए हैं।