लुधियाना में 14 आरपीएफ जवानों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के अलावा जालंधर में 9 और फतेहगढ़ साहिब में 8 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इसके साथ ही पंजाब में 24 घंटे में 37 केसों की पुष्टि हुई है। अब राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 1914 तक पहुंच गई है। वहीं, अमृतसर में 39 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। यह राज्य में महामारी से 33वीं मौत है।
अमृतसर के श्री गुरुनानक देव अस्पताल में मंगलवार को दम तोड़ने वाला व्यक्ति नत्थी स्वामी बाग रामानंद का रहने वाला था। उसे एचआईवी और टीबी की बीमारी भी थी। उसे चार मई को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया गया था। वह अमृतसर में अकेला ही रहता था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह पड़ताल की जा रही है कि वह किस राज्य से संबंधित है। इस मौत के बाद अमृतसर में कोरोना से मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 43,999 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 39060 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल 3025 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1711 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और एक वेंटिलेटर पर है। इस बीच, 28 और मरीजों के ठीक हो जाने के साथ ही कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी 196 हो गई है।
कोरोना पीड़ितों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर में 297, जालंधर में 197, तरनतारन में 158, लुधियाना में 143, गुरदासपुर में 122, नवांशहर में 103, मोहाली में 102, पटियाला में 99, होशियारपुर में 91, संगरूर में 88, मुक्तसर में 65, मोगा में 59, रोपड़ में 56, फतेहगढ़ साहिब में 55, फरीदकोट में 46, फिरोजपुर में 44, फाजिल्का में 41, बठिंडा में 40, मानसा में 32, पठानकोट में 29, कपूरथला में 26 और बरनाला में 21 केस सामने आ चुके हैं।