पंजाब में कोरोना से शुक्रवार को 11 नए पॉजिटिव केसों की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इस महामारी की चपेट में आए लोगों की संख्या 298 तक पहुंच गई है। इनमें से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे में जिन नए पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई है, उनमें पटियाला के राजपुरा में 6, मानसा में 2 और जालंधर, लुधियाना व अमृतसर में 1-1 मरीज सामने आए हैं।
राजपुरा में बड़ी संख्या में मिल रहे केसों के कारण इसे कोरोना का बफर जोन घोषित कर दिया गया है। यहां अब लोगों को जरूरी वस्तुओं की घर में ही आपूर्ति की जाएगी। सब्जी मंडी भी बंद रहेगी। पंजाब में पहली बार किसी इलाके को बफर जोन घोषित किया गया है।
इस बीच, 24 घंटे के दौरान जालंधर में 2, संगरूर और होशियारपुर में 1-1 मरीज के ठीक होने की भी सूचना है। इस तरह राज्य में अब तक 70 लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में राज्य में महामारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। वहीं, राज्य के जालंधर, मोहाली और पटियाला जिलों में कोरोना से पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसे लेकर राज्य सरकार ने विभाग को ज्यादा चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं।
मानसा को दो नए केस तब्लीगी जमात से संबंधित लोगों के हैं जबकि बाकी जिलों में पहले से कोरोना पीड़ित मरीजों के करीबी इस वायरस से प्रभावित हुए हैं। दोराहा के बीडीपीओ की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी बेटी जोकि जिला मंडी अधिकारी हैं, भी पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्हें लुधियाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
10611 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में अब तक 10611 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं जिनमें से 8310 लोगों के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। वहीं, 2003 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 211 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक मरीज वेंटिलेटर पर है।