फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना/लॉकडाउनः हरियाणा सरकार ने खारिज की राम रहीम की पैरोल अर्जी, मां ने किया था आवेदन

Sat, 25 Apr 2020 09:32 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
राम रहीम - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का जेल की सलाखों से बाहर आने का सपना एक बार फिर टूट गया है। हरियाणा सरकार ने गुरमीत की पैरोल संबंधी अर्जी खारिज कर दी है। डेरामुखी की मां नसीब कौर ने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए बेटे को तीन सप्ताह की पैरोल देने की मांग की थी। सुनारिया जेल प्रशासन से होते हुए पैरोल की अर्जी राज्य सरकार तक आ पहुंची।

विज्ञापन


गृह विभाग ने सुरक्षा कारणों के मद्देनजर जेल प्रशासन की ओर से आए उसकी मां नसीब कौर के आवेदन को खारिज कर दिया। गुरमीत राम रहीम साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। इससे पहले भी वह जेल से बाहर आने के लिए कई बार पैरोल की मांग कर चुका है। उसकी मां ने एक सप्ताह पहले अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पैरोल के लिए आवेदन किया था। 

हरियाणा सरकार डेरा प्रमुख को पैरोल देकर कानून व्यवस्था के मद्देनजर कोई मुसीबत नहीं मोल लेना चाहती। वर्तमान में कोरोना संकट के चलते गुरमीत को पैरोल देना और भी बड़ी मुसीबत बन सकता था। सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट व अन्य सभी पहलुओं को देखते हुए उसकी पैरोल की अर्जी खारिज कर दी। 
विज्ञापन


गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में 25 अगस्त 2017 से बंद है। 28 अगस्त 2017 को जेल में ही सीबीआई की विशेष अदालत लगाकर राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उसे पत्रकार हत्या के मामले में भी उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

विज्ञापन

नियमानुसार रद्द किया गया पैरोल का आवेदन: रणजीत चौटाला

जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार किसी के दबाव में आकर कोई फैसला नहीं लेती है। नियमानुसार ही राम रहीम की पैरोल रद्द की गई है। नसीब कौर की अर्जी पर रोहतक जेल प्रशासन ने सिरसा प्रशासन से नसीब कौर के स्वास्थ्य की रिपोर्ट मांगी थी।

सिरसा प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में नसीब कौर के स्वास्थ्य को स्थिर बताया था और राम रहीम को पैरोल नहीं देने की बात कही थी। जेल प्रशासन ने पूरी रिपोर्ट गृह विभाग को भेजी। रिपोर्ट के अध्ययन के बाद अर्जी खारिज कर दी गई। अकाल तख्त के जत्थेदार के राम रहीम को पैरोल देने में सरकार के मदद करने के आरोप पर जेल मंत्री ने टिप्पणी से इनकार कर दिया।

राम रहीम को पैरोल दे सकती है हरियाणा सरकार!
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने आशंका जताई थी कि हरियाणा सरकार कोरोना वायरस की आड़ में गुरमीत राम रहीम सिंह को पैरोल पर रिहा कर सकती है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह का दावा है कि उन्हें यह जानकारी अति विश्वसनीय सूत्रों से मिली है। उन्होंने कहा कि यदि हरियाणा सरकार ने राम रहीम को पैरोल पर रिहा किया तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। पंजाब-हरियाणा में जो शांति का माहौल बना हुआ है, उसको आग लगाने की यह साजिश होगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें