जिले में कोरोना पॉजिटिव का दूसरा मामला सामने आया है। फिलहाल व्यक्ति का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से पीड़ित के संपर्क में आए 11 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया गया है। व्यक्ति के बेटे ने बताया कि उनके पिता को 30 मार्च को हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। यहां 2 अप्रैल को टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
5 अप्रैल को जब व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। गंभीर हालत के चलते उसे वहां से रेफर कर दिया गया। इसके बाद पीड़ित के परिजनों ने उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां दो बार जांच करवाई गई। तीसरी जांच में वो पॉजिटिव पाए गए। अब उनकी बेटी के ससुराल परिवार समेत उनकी पत्नी व बच्चों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
बेटी के ससुराल परिवार को गुरुग्राम में ही क्वारंटीन किया जाएगा। गुरुग्राम में उनके एक बेटे को क्वारंटीन किया गया है। मरीज के अपने परिवार में आठ लोग पत्नी, बेटा, बेटे की पत्नी, पोती, भाई और भाई की पत्नी हैं, जिन्हें क्वारंटीन कर लिया गया है। उनका एक बेटा प्रशासनिक अधिकारी है, जो अब करनाल में कार्यरत है, लेकिन वह पंचकूला में रह रहे हैं। एहतियात के तौर पर उनके बेटे ने भी प्रशासन को कहकर खुद को क्वारंटीन करवा लिया है।
कोई विदेश जाने की या ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं है
संक्रमित मरीज के बेटे ने बताया कि उनकी कोई विदेश जाने की या ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इसके बावजूद वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। देर रात गुरुग्राम में डॉक्टरों ने उनके कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना दी।
शहर में कोरोना पॉजिटिव के दूसरे मामले की की सूचना मिलने के बाद उक्त व्यक्ति के संपर्क में आए 11 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया गया है और उनकी जांच की जा रही है। - डॉक्टर योगेश शर्मा, सिविल सर्जन, हिसार