फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Haryana: पहली मौत, एक दिन में 10 नए मामले आने से हड़कंप, कुल संख्या पहुंची 39

Fri, 03 Apr 2020 09:15 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

कोरोना वायरस के चलते हरियाणा में पहली मौत अंबाला जिले में हुई है। जानलेवा वायरस की चपेट में आकर करीब 67 साल के एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया है। बुजुर्ग चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती था। हरियाणा में पहले मरीज की मौत के बाद अंबाला प्रशासन और सरकार दोनों सकते में हैं। अंबाला के टिंबर मार्केट स्थित सिकलीगर मोहल्ले के उस एरिया को पूरी तरह सील कर दिया गया है, जहां बुजुर्ग रहता था।

विज्ञापन


इसके अलावा हरियाणा में कोरोनाग्रस्त मरीजों की संख्या भी 29 से बढ़कर 39 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक एसबी कंबोज ने पुष्टि करते हुए बताया कि अंबाला में 2, पलवल में 3 और रोहतक में 1 नया मामला सामने आया है। जबकि अंबाला में कोरोना वायरस से संक्रमित एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। 

4 नए मामले गुरुग्राम में भी सामने आए हैं। प्रदेश में अब कोरोना वायरस के गुरुग्राम में 14, फरीदाबाद में 6, पानीपत में 4, सिरसा में 3, पंचकूला में 2, अंबाला में 3, पलवल में 4, हिसार, सोनीपत और रोहतक में 1-1 मामले सामने आ चुके हैं। इन कोरोनाग्रस्त मरीजों के संपर्क में आ चुके 353 लोग भी स्वास्थ्य महकमे के लिए बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं।
विज्ञापन


प्रदेश में इस वक्त स्वास्थ्य महकमे ने 15742 लोगों को मेडिकल सर्विलांस में रखा गया है। यह आंकड़ा भी 1 दिन में बहुत ज्यादा बड़ा है। 227 संदिग्ध मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और इलाज करा रहे हैं। कुल 1102 सैंपल में से 885 संदिग्धों के सैंपल नेगेटिव आए हैं। जबकि अभी 182 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। प्रदेश में अब तक 13 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 1039 लोगों ने अपना 28 दिन का मेडिकल सर्विलांस पूरा कर लिया है। सरकार का दावा है कि इस बीमारी से लड़ने के लिए सरकार पूरी गंभीरता के साथ जुटी हुई है।
 

हरजीत सिंह को 31 मार्च की रात पीजीआई चंडीगढ़ लाया गया था

टिंबर मार्केट अंबाला छावनी में रहने वाले रिटायर्ड बैंक कर्मी  67 वर्षीय हरजीत सिंह कोहली की कोरोना से पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गयी। ऐहतियात के तौर पर परिजनों ने उनका चंडीगढ़ में ही अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक हरजीत सिंह की पत्नी, उनकी पुत्र वधू और पौत्री सहित उनके घर में रहने वाले किरायेदारों को छावनी नागरिक अस्पताल में जांच के बाद घर पर ही क्वारंटीन कर दिया गया है।

इन सभी के सैंपल पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिए गए हैं। टिंबर मार्केट को भी पुलिस ने पूरी तरह से सील कर दिया है ताकि उस एरिया में कोई भी प्रवेश न कर सके, न ही यहां से कोई बाहर निकल सके। साथ ही पूरे एरिया को सैनिटाइज भी कर दिया गया। विदित हो कि हरजीत सिंह की बेटी कनाडा में है, हालांकि परिजनों के अनुसार हाल फिलहाल में वहां कोई नहीं आया-गया था।


रात 11 बजकर 45 मिनट पर आई रिपोर्ट, हो चुकी थी मौत
हरजीत सिंह को 31 मार्च की रात पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया था, क्योंकि उनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं थी न ही वह किसी विदेशी के संपर्क में आए थे, इसीलिए 31 मार्च को पीजीआई में उनका सैंपल नहीं लिया गया, लेकिन एक अप्रैल को जब पीजीआई में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो दोपहर को करीब सवा एक बजे उनका सैंपल लिया गया। एक अप्रैल को रात 11 बजकर 45 मिनट पर पीजीआई में जब रिपोर्ट आई तब पता चला कि उन्हें कोरोना था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हो चुकी थी बाईपास सर्जरी
हरजीत सिंह की बाईपास सर्जरी हो चुकी थी। इसके अतिरिक्त किडनी की गंभीर बीमारी, शुगर और बीपी की समस्या से भी वह जूझ रहे थे। 2017 में उन्हें स्वाइन फ्लू भी हुआ था, इसीलिए पहले उनकी मौत को डाक्टरों ने प्राकृतिक ही बताया लेकिन जैसे ही बुधवार रात 11 बजकर 45 मिनट पर कोरोना की रिपोर्ट आई तो खुलासा हुआ कि वह कोरोना पॉजिटिव थे। परिजनों को भी बाद में इसकी जानकारी दी गई।

पुत्रवधू एसबीआई में डील करती है एनआरआई खाते
हरजीत सिंह की पुत्रवधू एसबीआई पंजाब के पटियाला में कार्यरत हैं। वह एनआरआई खाते डील करती हैं। 21 मार्च तक उन्होंने यह खाते डील भी किए। वहीं इससे पहले 26 फरवरी को टिंबर मार्केट स्थिति इस घर में कार्यक्रम भी हुआ था जिसमें काफी भीड़ जुटी थी।

26 मार्च तक जाते रहे गुरुद्वारे
इसी बीच एक बड़ी लापरवाही यह भी सामने आई है कि हरजीत सिंह लॉक डाउन से पहले 26 मार्च तक लगातार गुरुद्वारे भी जाते रहे, इसीलिए गुरुद्वारे में कौन-कौन उनके संपर्क में आया, सभी की जांच शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं गुरुद्वारा में सैनिटाइजेशन का काम भी शुरू कर दिया गया है।

हरजीत सिंह की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई है। उन्हें कोरोना पॉजीटिव पाया गया था। हरजीत सिंह के परिवार की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। उनकी बाईपास सर्जरी हो चुकी थी। साथ ही गुर्दे की बीमारी से भी जूझ रहे थे। इसके बावजूद वह 26 मार्च तक गुरुद्वारे जाते रहे। अभी परिवार के चार और घर में किराये पर रह रहे चार सदस्यों को क्वारंटीन कर दिया गया है। परिजनों के सैंपल लेकर पीजीआई भेज दिए गए हैं।
- डॉ कुलदीप कुमार, सीएमओ अंबाला
विज्ञापन

गुर्दे का उपचार कराने दिल्ली गई रोहतक की महिला को कोविड-19

रोहतक साईं दास कॉलोनी रोहतक की रहने वाली 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया है। महिला का रोहतक में मान हॉस्पिटल में किडनी का उपचार चल रहा था। उसकी हालत खराब होने पर 10 मार्च को उसे दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां महिला आईसीयू में भर्ती थी। उसकी तबीयत बिगड़ते देखकर जांच गई।

रिपोर्ट में वह कोरोना वायरस से संक्रमित मिली। फिर उसे महाराजा अग्रसेन अस्पताल से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। महिला के साथ उसके बेटे की भी जांच की गई है। सिविल सर्जन रोहतक डॉक्टर अनिल बिरला ने बताया कि महिला 10 मार्च को रोहतक से जा चुकी है। वह किडनी की समस्या से परेशान थी। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। महिला के घर पर उसकी एक बेटी है, जिसे 28 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें