जिले में कोरोना वायरस के चलते हुई पहली मौत के साथ ही चंडीगढ़ में एक डॉक्टर के कोरोना संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया है। मोहाली के मायो अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर कोराना पॉजिटिव पाया गया है। यह डॉक्टर चंडीगढ़ के सेक्टर-30बी के रहने वाले हैं। कोरोना संक्रमित पाए गए डॉक्टर का इलाज चंडीगढ़ में चल रहा है।
संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आए मोहाली के रहने वाले 18 लोगों को सेहत विभाग ने होम क्वारंटीन किया है। वहीं सेहत विभाग ने संक्रमित डॉक्टर के 5 सहयोगियों के ब्लड सैंपल भी मंगलवार को जांच को भेजे हैं। उधर, कोराना से मरने वाले नयागांव के बुजुर्ग के संपर्क में आने वाले 31 लोगों को जिला सेहत विभाग ने होम क्वारंटीन किया है। मंगलवार को मृतक के पड़ोसियों सहित संपर्क में आने वाले 12 लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
इस सबके बीच राहत भरी खबर यह रही कि नयागांव के कोरोना संक्रमित मृतक के परिवार सहित 13 नजदीकी रिश्तेदारों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नयागांव के कोरोना वायरस से संक्रमित मृतक का अंतिम संस्कार मोहाली के सेक्टर-57 के इलेक्ट्रिक मशीन से शव दाह गृह में किया गया। मृतक का अंतिम संस्कार पहले चंडीगढ के सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में किया जाना था लेकिन वहां जगह न मिल पाने के कारण मृतक के शव को मोहाली लाया गया।
अंतिम संस्कार के लिए साथ आई टीम और मृतक के एक परिजन को पीपी किट मोहाली नगर निगम द्वारा दी जानी थी। निगम के पास पहले से ही यह किट उपलब्ध नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार में देरी हुई। देरी के चलते अंतिम संस्कार के लिए बुलाए गए पंडित और परिवार में दहशत बनी रही।
निगम कमिश्नर कमल गर्ग ने बताया कि पहले अंतिम संस्कार चंडीगढ़ में किया जाना था। बाद में शव मोहाली लाया गया। बाजार में पीपी किट की किल्लत के चलते इंतजाम करने में थोड़ा समय लगा। शव का अंतिम संस्कार इलेक्ट्रिक मशीन के जरिए किया गया। मोहाली के सेक्टर-57 में जिले का पहला इलेक्ट्रिक मशीन वाला शव दाह गृह बनाया गया था। अभी यहां नई मशीन भी लाई गई है।
मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव आए चंडीगढ़ सेक्टर-30बी निवासी डॉक्टर का इलाज मोहाली के मायो अस्पताल में चल रहा है। वह इसी अस्पताल में ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डॉक्टर में खांसी जुकाम, बुखार और सांस में तकलीफ जैसे कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए जाने के बाद उनका ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जो मंगलवार को पॉजिटिव आया।
मंगलवार शाम तक संक्रमित डॉक्टर की हालत में सुधार बताया जा रहा है। दरअसल संक्रमित डॉक्टर विदेश से आए एक व्यक्ति के संपर्क में आए थे। मंगलवार जिले का कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं आया है। अभी तक जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 07 है। जिसमें से एक संक्रमित की पीजीआई में मौत हो गई। 6 लोगों का इलाज चल रहा है।
अस्पताल कोरोना संक्रमित स्थिति
सिविल अस्पताल मोहाली एक सामान्य, जल्द ठीक होने की उम्मीद
फॉर्टिज अस्पताल मोहाली दो स्थिर
मैक्स अस्पताल मोहाली एक सुधार
ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ एक स्थिर
जीएमएसएच-16 चंडीगढ़ एक स्थिर
पीजीआई चंडीगढ़ एक मौत
कोरोना से बचाव के लिए विदेश ही नहीं अब अन्य राज्यों से पंजाब आने वालों की भी थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर उनमें किसी तरह के भी लक्षण पाए गए तो उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। डीसी गिरीश दियालन ने मंगलवार को बताया कि कोरोना को फैलने से रोकने को इसकी चेन तोड़ना जरूरी है, तभी इसे अन्य इलाकों में फैलने से रोका जा सकता है।
डीसी ने बताया कि महामारी बीमारी एक्ट-1897 के नियमों के तहत रणनीति तैयार की गई है। अब अन्य राज्यों से पंजाब में आने वालों की और यहां के उन मूल निवासियों की भी जो किसी दूसरे राज्य से वापस आ रहे हैं उन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इनमें से संदिग्ध मरीजों को क्वारंटीन किया जाएगा। डीसी ने लोगों से कोई भी अफवाह नहीं फैलाने और संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग मोहाली प्रशासन के फेसबुक पेज से प्रमाणिक जानकारी हासिल कर सकते हैं।