कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ के होटलों और गेस्ट हाउसों में चीन और अन्य प्रभावित देशों के पर्यटकों की बुकिंग पर रोक लगाने की एडवाइजरी जारी कर दी गई है। यह एडवाइजरी इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के तहत बुधवार को जारी की गई है। साथ ही इस संबंध में अगला दिशा निर्देश मिलने के बाद ही बुकिंग करने की हिदायत दी गई है।
सर्विलांस टीम द्वारा जारी एडवाइजरी में 15 जनवरी के बाद चंडीगढ़ आए विदेशी पर्यटकों में कोरोना वायरस के लक्षण दिखते ही उसकी सूचना तत्काल स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को देने को कहा गया है। वहीं, बिजनेस मीटिंग के लिए यहां आने वाले चीन के प्रतिनिधियों पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।
इस बात का रखें खास ध्यान
होटल और गेस्ट हाउस में ठहरे विदेशी मेहमानों के स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहें, उनमें कोरोना वायरस से संबंधित कोई भी लक्षण दिखते ही उसकी सूचना होटल प्रबंधन को दें। विदेशी मेहमानों से बातचीत के दौरान मास्क का प्रयोग अवश्य करें। विदेशी मेहमानों को दी गई किसी भी सर्विस के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं।