पटियाला जिले में अब तक कोरोना का कोई भी पॉजीटिव केस नहीं है। यह जानकारी सिविल सर्जन डा. हरीश मल्होत्रा ने दी। रविवार रात मानसा का एक 65 साल का बुजुर्ग, कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज के तौर पर रेफर होकर राजिंदरा अस्पताल में दाखिल हुआ था। उसका रविवार को कोरोना वायरस का टेस्ट किया गया जो निगेटिव आया। इसके अलावा साथ लगते अन्य जिलों से आठ सैंपल कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के सरकारी राजिंदरा अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में आए थे जो सारे ही निगेटिव रहे हैं।
विदेशों से आए लोग क्वारंटीन में कर रहे कोताही
उन्होंने बताया कि फील्ड से शिकायतें आ रही हैं कि विदेशों से आए यात्री अपने 14 दिन के क्वारंटीन को पूरा नहीं कर रहे हैं। इस कारण बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने विदेशों से आए यात्रियों से अपील की कि वह अपना 14 दिन के लिए घर में ही क्वारंटीन यकीनी बनाएं। कोई भी एनआरआई क्वारंटीन में कोताही करता है तो कानून अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना पर रोक को सहयोग देगी आईएमए
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने बैठक करके कोरोना वायरस पर रोक के लिए सेहत विभाग को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। सेहत विभाग के डा. सुमित सिंह ने बताया कि बीमारी की जानकारी के लिए सेहत विभाग के कॉल सेंटर नंबर 0175-5128793 पर हर रोज 300 के करीब कॉल आ रही है। उनको इस बीमारी संबंधी जरूरी जानकारी मुहैया करवाई जा रही है। यह कॉल सेंटर हर रोज 24 घंटे ऑनलाइन रहता है।
आइसोलेशन में भर्ती युवक की रिपोर्ट निगेटिव
तरनतारन सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में युवक की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सेहत विभाग ने राहत की सांस ली है। उक्त युवक 28 फरवरी को दोहा के कतर से लौटा था। गांव नूरदी वासी हरमनदीप सिंह की रिपोर्ट रविवार दोपहर अस्पताल पहुंची। दो दिन पहले कोरोना वायरस के संदेह में युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करके सैंपल लिया गया था। एसएमओ डॉ. इंद्रमोहन गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट निगेटिव आने से विभाग ने राहत महसूस की है। डॉ. रमनदीप सिंह पड्डा, डॉ. सरबजीत सिंह, डॉ. नवप्रीत सिंह, डॉ. रेखा राणा, डॉ. सुखबीर कौर, डॉ. संदीप सिंह कालड़ा ने बैठक करने के बाद युवक की जांच की।