फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाबः फरीदकोट में मिला कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज, चीन के रास्ते कनाडा से लौटा है भारत

Tue, 04 Feb 2020 10:56 AM IST
खुशबू गोयल संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदकोट(पंजाब)
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन
करीब एक सप्ताह पहले कनाडा से वाया चाइना पंजाब लौटे कोटकपूरा के मोगा रोड स्थित कोठे राजा जंग निवासी युवक में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। सेहत विभाग ने युवक को अस्पताल दाखिल होने की सलाह दी थी लेकिन इसके बावजूद वह अपने घर लौट गया था।
विज्ञापन


मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस संदिग्ध मरीज को पुलिस की मदद से स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत स्थिर है और उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए है। सैंपल की रिपोर्ट आने तक उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से चीन में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के कारण पंजाब में भी सेहत विभाग हाई अलर्ट पर है। यह युवक 27 जनवरी को कनाडा से वाया चाइना होते हुए पंजाब आया था। इस दौरान फ्लाइट का चीन के शंघाई शहर में करीब 9 घंटे का ठहराव था। पंजाब आने के बाद खांसी जुकाम की समस्या होने पर उसने पहले एक निजी अस्पताल से दवाई ली।
विज्ञापन


आराम न मिलने पर वह टेस्ट करवाने के लिए सिविल अस्पताल कोटकपूरा पहुंचा था। कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर सेहत विभाग की टीम ने उसे दाखिल होने को कहा, लेकिन उसने इंकार कर दिया और अपने घर चला गया। इसके बाद सेहत विभाग ने डीसी कुमार सौरभ राज को इस मामले की जानकारी दी जिन्होंने लिखित आदेश जारी करके एसएसपी से उक्त मरीज को अस्पताल दाखिल करवाने में सेहत विभाग की मदद करने की हिदायतें दी।

डीसी के आदेश पर डीएसपी कोटकपूरा बलकार सिंह संधू की अगुवाई में सेहत विभाग की टीम पुलिस के साथ गुरजिंदर संधू के घर पहुंची और रात को ही गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि संदिग्ध मरीज के दाखिल नहीं होने के कारण उन्होंने डीसी को मामले की जानकारी देकर योग्य कदम उठाने का आग्रह किया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल अधिक्षक डॉ.राजीव जोशी ने कहा कि संदिग्ध मरीज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और उसे आइसोलेशन वार्ड में माहिर टीम की निगरानी में रखा गया है।

मोहाली के 4 और लोगों के सैंपल एहतियातन पुणे लैब में जांच के लिए भेजे

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए चीन जाकर आए मोहली के चार लोगों के सैंपल सोमवार को पुणे की एनआईवी लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। सेहत विभाग ने इन सभी को होम सर्विलांस पर रखा है। इससे पहले 1 फरवरी को 6 लोगों के सैंपल भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। वहीं, एक व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया था।

मोहाली जिले के 11 लोग इस महीने या तो चीन गए थे या फिर उन्होंने वाया चीन यात्रा की थी। इन सभी को सेहत विभाग ने मेडिकल सर्विलांस पर रखा हुआ है। इनमें से एक व्यक्ति को खांसी, बुखार व सांस में तकलीफ की शिकायत पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया था। उसकी जांच के बाद रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।

पंचकूला में दो युवकों ने अस्पताल में एडमिट होने से किया इनकार
चीन गए पंचकूला के सेक्टर -10 और 21 के रहने वाले दो बिजनेसमैन ने अपना चेकअप नहीं करवाया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों के घरों पर टीम भेजी है। इसके बाद भी दोनों बिजनेस मैन नहीं मिले। दोनों बिजनेसमैन 23 जनवरी को चीन के वुहान से वापस लौटे। कोरोना वायरस के फैले होने के कारण सभी की जांच की जा रही है। इनकी जांच अभी तक नहीं हो पाई है।

काबिलेजिक्र है कि पंचकूला के सेक्टर 10 में रह रहे युवक को अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में एडमिट करने के लिए बोला गया था। जिस पर उसने साफ मना करते हुए कहा कि जब मैं पूरी तरह से ठीक हूं तो क्यों अस्पताल में एडमिट होने के लिए जाऊं।
विज्ञापन

हिसार में चीन से लौटे प्रशिक्षु डॉक्टर की तबीयत बिगड़ी

एक फरवरी को चीन से लौटे गांव चैनत निवासी प्रशिक्षु डॉक्टर मोहन (25) की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन ने कोरोना वायरस की आशंका में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है, जहां उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। मरीज के सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली की एनसीडीसी सेंट्रल लैब में भेजा जाएगा। सैंपलों की रिपोर्ट दो से तीन दिन में आएगी। प्रशिक्षु डॉक्टर पांच साल से चीन में रह रहा है और बीच-बीच में अपने गांव आता-जाता रहता है। इससे पहले प्रशिक्षु डॉक्टर 25 दिसंबर को चीन गया था।

परिजनों की भी जांच की
उधर, डॉक्टरों ने मरीज के परिजनों की भी जांच की। हालांकि अभी तक परिजनों में किसी तरह के लक्षण नहीं मिले हैं। मगर फिर भी उन्हें मरीज से दूर रहने की सलाह दी गई। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी एहतियात बरते के निर्देश दिए गए है। इसके अलावा आइसोलेशन वार्ड के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

रोहतक में चीन से आए तीन लोगों की कोरोना के संदेह में लिए सैंपल
कोरोना वायरस के बढ़ते दायरे और खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर की दुर्गा कालोनी, बाबरा मोहल्ला और हिसार रोड इलाके में रहने वाले तीन लोगों के सैंपल लिए। ये तीनों लोग एक फरवरी को चीन से रोहतक आए थे। इनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस बारे में पंचकूला सूचना दी थी। वहां से स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली। इसके चलते टीम इनके घर पहुंची। यहां उनके सैंपल लिए गए। हालांकि इन तीनों की हालात सामान्य बताई गई है। तीनों को विभाग ने 28 दिन के लिए घर में ही आइसोलेट कर दिया है। इन्हें घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें