क्लर्क और स्टेनोग्राफर की भर्ती के लिए नगर निगम चंडीगढ़ 15 मार्च से परीक्षा कराएगा। चार दिन तक चलने वाले इस टेस्ट में चार हजार अभ्यर्थी बैठेंगे। एक बैच में 180 अभ्यर्थी टेस्ट देंगे। खास बात यह है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए हर बार कंप्यूटर के कीबोर्ड को सेनेटाइज किया जाएगा। वहीं अभ्यर्थियों के बीच तीन से चार फीट की दूरी रखी जाएगी।
निगम ने इसके लिए तैयारी कर ली है। स्पेशल कमिश्नर संजय कुमार झा ने बताया कि निगम ने क्लर्क और स्टेनोग्राफर के लिए 400 पदों पर भर्तियां निकाली हैं। इस टेस्ट के लिए पंजाब विश्वविद्यालय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चूंकि कोरोना वायरस के डर से पंजाब विश्वविद्यालय ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
ऐसे में निगम को भी अपनी भर्ती परीक्षा को लेकर विचार करना पड़ा लेकिन बैठक में तय किया गया कि परीक्षा तय समय पर 15 से 18 मार्च तक ही होगी। इसमें चार हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक अभ्यर्थी के बीच तीन से चार फीट का अंतर रहेगा। वहीं अभ्यर्थियों को इंतजार करने वाले स्थान पर भी इतना ही अंतर रखा जाएगा।
कीबोर्ड को सेनेटाइज किया जाएगा और हॉल में सेनेटाइजर रखे जाएंगे। पूरी एहतियात बरतने के बाद ही टेस्ट कराए जाएंगे।