फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरसः नवरात्र मेला रद्द, मनसा देवी मंदिर बंद, रॉक गार्डन की सैर भी नहीं कर पाएंगे लोग

Wed, 18 Mar 2020 01:06 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, पंचकूला/चंडीगढ़
विज्ञापन
mansa devi - फोटो : demo
विज्ञापन

राज्य सरकार के निर्देश पर कोरोना संक्रमण को लेकर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने निर्णय लिया है कि मनसा देवी मंदिर पंचकूला और कालका स्थित माता काली मंदिर समेत जिले के 13 मंदिरों को आगामी आदेशों तक श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया है। इसके अलावा सभी मंदिरों के पुजारियों को 31 मार्च तक मंदिरों में लगी सभी बड़ी और छोटी घंटियों को तत्काल प्रभाव से उतारने के आदेश दिए हैं। 

विज्ञापन


उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं के लिए माता मनसा देवी व कालका मंदिर का लाइव दर्शन श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर किए जा सकते हैं। श्रद्धालुओं से घर बैठकर ही पूजा और दर्शन करने का अनुरोध किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले के 13 मंदिरों में अधिक श्रद्धालु आते हैं, इसलिए विशेषकर इन मंदिरों को बंद कर दिया गया है। 

इन मंदिरों के बंद रहेंगे कपाट
कोरोना वायरस के चलते जिन मंदिरों को बंद किया गया है उनमें माता मनसा देवी, काली माता मंदिर कालका, नैना देवी मंदिर कालका, चंडी मंदिर, दुर्गा मंदिर सेक्टर-9 पंचकूला, दुर्गा मंदिर सेक्टर-11, शमलासन माता मंदिर रायपुररानी, माता दाती मंदिर रायपुररानी, काली माता मंदिर बनी मोरनी, शमलासन माता मंदिर सामलोठा मोरनी, शारदा माता मंदिर छोटा त्रिलोकपुर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सेक्टर-6 पंचकूला, श्री दुर्गा मंदिर सेक्टर-7 पंचकूला शामिल हैं। 

विज्ञापन

अपील, घर बैठकर ही करें पूजा-पाठ

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वह मंदिरों में पूजा करने की बजाय घर पर बैठकर ही लाइव दर्शन एवं पूजा-पाठ करें। इसके अलावा अभिभावकों को बच्चों के जन्म दिन, किट्टी पार्टी जैसे सामाजिक सामारोह करने से गुरेज करें ताकि इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि ओपन फूड स्टाल में खाते समय और सब्जी मंडी में भी दुकानों के बीच दो मीटर दूरी बनाए रखें।

शादियों पर कोई पाबंदी नहीं, रॉक गार्डन आज से बंद
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सेक्टर-1 स्थित रॉक गार्डन को बुधवार से 31 मार्च तक बंद करने का फैसला किया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि शादियों पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं है। न ही शादी समारोह में 100 लोगों के शामिल होने की कोई सीमा तय की गई है। प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक समारोह, जनसमूह आदि में 100 लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई है।

यूटी प्रशासन ने आदेश जारी किया है कि जो भी पब, रेस्टोरेंट खाना ऑफर करते हैं, वह लोगों को डांस करने की सुविधा नहीं दे सकते हैं, क्योंकि करीब शारीरिक बातचीत (क्लोज फिजिकल इंटरेक्शन) से वायरस के फैलने का खतरा रहता है। 

गौरतलब है कि प्रशासन ने सभी शॉपिंग मॉल्स, सिनेमाघर, कोचिंग सेंटर, जिम, स्वीमिंग पूल, क्रैच आदि को बंद कर दिया है। इनके अलावा शहर के सभी शॉपिंग मॉल्स, सिनेमाघर, कोचिंग सेंटर, जिम, स्वीमिंग पूल, डिस्कोथेक, पब, बार, वीडियो गेमिंग सेंटर और स्पा सेंटर को 31 मार्च तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

टैगोर थियेटर में 31 तक नहीं होंगे कार्यक्रम 
टैगोर थियेटर में 31 मार्च तक सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के कोरोना वायरस को लेकर जारी गाइडलाइन के बाद यह निर्णय लिया गया है। टैगोर थिएटर सोसाइटी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च तक कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना था, इन्हें कैंसिल कर दिया गया है।  

छतबीड़ जू बंद.. वापस लौटे पर्यटक

कोरोना वायरस के कारण अब चौधरी महेंद्र सिंह जूलोजिकल पार्क यानी छतबीड़ जू को बंद कर दिया गया है। छतबीड़ जू को बंद करने के निर्देश सोमवार देर रात पंजाब सरकार की ओर से जारी किए गए। छतबीड़ जू प्रबंधन की ओर से इस संबंध में पंजाब सरकार को एक पत्र लिखा गया था। इसमें कोरोना के कारण छतबीड़ जू में एहतियात बरतने और जू बंद करने के संबंध में पूछा गया था। इस संबंधी सोमवार देर रात को ही निर्देश जारी कर दिए गए कि छतबीड़ जू को 31 मार्च तक बंद कर दिया जाए।

 छतबीड़ जू में करीब 10 हजार पर्यटक घूमने के लिए आते थे। इसको देखते हुए ही पंजाब सरकार द्वारा यह फैसला लिया गया है। छतबीड़ जू के बंद होने के बाद अब यहां पर जानवरों को डिसइंफेक्शन प्रोटोकाल पर रख दिया गया है। सभी जानवरों के पिंजरों की सफाई करवाई जा रही है और इसके साथ ही जहां पर्यटक आते थे वहां सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। छतबीड़ जू के निदेशक एम सुधागर ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देश के बाद मंगलवार से जू को बंद करवा दिया गया है।

लोगों को नहीं थी जू बंद होने की जानकारी
मंगलवार को जू देखने आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। इन लोगों को छतबीड़ जू के बंद होने की जानकारी नहीं थी। इस बारे में पर्यटक गुरशरण सिंह ने कहा कि वह पंजाब से आए थे और उनको छतबीड़ जू में जानवरों को देखना था लेकिन उनको अपने परिवार के साथ वापस लौटना पड़ रहा है। एक अन्य पर्यटक रमेश सिंह ने बताया कि वह हरियाणा से आए हैं पर उनको नहीं मालूम था कि जू बंद है और वह अपने परिवार को लेकर यहां आ गए।

सरकारी कार्यालयों में थर्मल स्कैनिंग शुरू

कोरोना वायरस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चंडीगढ़ स्थित पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट परिसर सहित सभी सरकारी कार्यालयों में थर्मल स्कैनिंग शुरू हो गई है। बिना स्कैनिंग के कार्यालयों में आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अग्रिम आदेश तक यह व्यवस्था सुचारु रखने की यूटी प्रशासन ने हिदायत दी है।

आपको बता दें कि चंडीगढ़ प्रशासन के द्वारा शहर में सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रख दिया गया है। साथ ही सभी सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों को भी बंद कर दिया गया है। मंगलवार को एहतियात के तौर पर सभी सरकारी कार्यालयों में थर्मल स्कैनिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।

जिन कार्यालयों में थर्मल स्कैनिंग शुरू की गई है उनमें उच्च न्यायालय परिसर, जिला अदालतों, केंद्र शासित प्रदेश के सचिवालय और डीसी कार्यालय में थर्मल स्कैनिंग शुरू की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा उच्च न्यायालय परिसर और जिला न्यायालयों में भी सफाई की गई।
विज्ञापन

मास्क और हैंड सैनिटाइजर की कीमत सभी जगह एक होगी

कोरोना वायरस के खौफ ने हर किसी की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच मास्क और हैंड सैनिटाइजर की कालाबाजारी भी धड़ल्ले से हो रही है। यूटी प्रशासन मास्क और हैंड सैनिटाइजर की कालाबाजारी रोकने के लिए कॉमन रेट तय करने की तैयारी कर रहा है। अगर ऐसा हुआ तो पूरे शहर में मास्क और हैंड सैनिटाइजर की कीमत एक हो जाएगी।

चिकित्सा विभाग की ओर से एहतियात बरतने की जारी एडवाइजरी के बाद मास्क और सैनिटाइजर बेच रहे दुकानदारों की मौज हो गई है। कई दुकानदार महंगे दामों पर मास्क और हैंड सैनिटाइजर बेच रहे हैं। इसके अलावा कई दुकानदार इनकी जमाखोरी भी कर रहे हैं, ताकि आने वाले महीनों में उन्हें और महंगे दामों पर बेच सकें। ऐसी स्थिति से बचने के लिए ही प्रशासन इन दोनों के दाम को कॉमन करने की तैयारी कर रहा है।

एडवाइजर मनोज परिदा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रशासन को लोगों से लगातार कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। मास्क और हैंड सैनिटाइजर की अधिक कीमत पर बिक्री को लेकर लोगों से मिली शिकायत के आधार पर ही इनके दाम को कंट्रोल करने की तैयारी की जा रही है। एक कॉमन रेट तय कर उसकी घोषणा कर दी जाएगी ताकि अगर कोई मास्क और सैनिटाइजर की जमाखोरी करता भी है तो उसको कोई लाभ नहीं होगा। प्रशासन शहर के केमिस्ट शॉप के मालिकों के संपर्क में है और उनके साथ बैठकें कर रहा है।

तीन टीमें शहर में कर रही हैं चेकिंग
एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि प्रशासन ने एरिया एसडीएम की अध्यक्षता में तीन टीमों का गठन किया है, जो रोजाना चेकिंग कर रही हैं। किसी भी व्यक्ति, व्यवसायी या संस्था की ओर से जमाखोरी, वितरण या बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मास्क और हैंड सैनिटाइजर की बिक्री में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर कानून के तहत केस भी दर्ज किया जाएगा। सात साल तक की सजा भी हो सकती है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार ने मास्क और सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु अधिनियम की श्रेणी में शामिल कर दिया गया है। इस कारण इसकी कालाबाजारी नहीं की जा सकती।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें