चंडीगढ़ पीजीआई में सोमवार को 2 से 6 साल तक के बच्चों पर कोवोवैक्स टीके का ट्रायल शुरू किया गया। पहले दिन 10 बच्चों को कोवोवैक्स की पहली खुराक दी गई। पीजीआई में वैक्सीन ट्रायल की प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर डॉ. मधु गुप्ता ने बताया कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं, इससे पहले 7 से 17 साल तक के 100 बच्चों पर ट्रायल के पहले चरण में पहली खुराक लगाई जा चुकी है। वे सभी बच्चे लगातार हमारे निगरानी में हैं। जल्दी ही उन्हें टीके की दूसरी खुराक लगाई जाएगी।
तीन वर्ग में हो रहा ट्रायल
बच्चों पर किए जा रहे ट्रायल के अंतर्गत 2 से 17 साल के बीच में तीन अलग-अलग ग्रुप बनाए गए हैं। जिसमें पहला ग्रुप 2 से 6 साल, दूसरा ग्रुप 7 से 12 साल और तीसरा ग्रुप 13 से 17 साल के बच्चों का है। इसके पहले चरण में 7 से 17 साल के बीच के बच्चों को पहली खुराक दी जा चुकी है।
देशभर में हो रहा ट्रायल
पीजीआई समेत देश के 10 चिकित्सा संस्थानों में बच्चों पर टीके की सुरक्षा और प्रतिरक्षा का ट्रायल किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ट्रायल में शामिल बच्चों को पहले और 28वें दिन 0.5 मिली वैक्सीन की खुराक लगाने का मानक तय किया गया है। ट्रायल के अंतर्गत दोनों खुराक लगने के छह महीने बाद उसके परिणाम का अध्ययन किया जाएगा। उसके आकलन के आधार पर ही बच्चों पर टीके के प्रभाव से संबंधित निष्कर्ष निकाला जाएगा।