उन्होंने कहा कि वे जब भी इस प्रकार के कार्यक्रम में शामिल होते हैं तो वे भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को जरूर याद करते हैं, जिन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र की उन्नति के लिए कदम उठाए और कहा था कि वे देश के अस्पतालों को एम्स की तरह बनाना चाहते हैं। उनके सपने को आगे बढ़ाते हुए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वे हर प्रांत को एक एम्स देंगे।
रेवाड़ी जिले में एक नया एम्स बनने वाला है। डिजिटल हेल्थ मिशन छह राज्यों में शुरू हो गया है और वे चाहते हैं कि हरियाणा इसमें पहल करे और अन्य के लिए एक उदाहरण बने। उन्होंने कहा कि पोस्ट कोविड केयर सेंटर की बहुत जरूरत है और उस पर कार्य होना चाहिए। डॉ. हर्षवर्धन ने सभी से अपील करते हुए कहा कि नाक और मुंह को अच्छी तरह से मास्क से ढक कर रखें, घर में एक साथ बैठकर खाना ना खाएं।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने सभी को छठ पर्व की बधाई देते हुए कहा कि वे देश के लोगों के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। देश में करोड़ों रुपये से कई अस्पतालों के अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। पीजीआईएमएस के आईसीयू कॉम्प्लेक्स से हरियाणा के अलावा आसपास के राज्यों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।