पंजाब में सात जिलों की बढ़ती संक्रमण दर ने चिंता और बढ़ा दी है। इसमें मोहाली (एसएएस नगर) सबसे आगे है। यहां की संक्रमण दर 25.36 प्रतिशत पहुंच गई है। मुक्तसर और फाजिल्का में भी हालात अच्छे नहीं हैं। यहां की संक्रमण दर क्रमश: 22.53 और 19.22 प्रतिशत दर्ज की गई है। अन्य 15 जिलों में इन जिलों की अपेक्षा हालात बेहतर बने हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पंजाब में अब तक 68 लाख से अधिक लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 32 हजार से अधिक लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। हाल ही में स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि राज्य के कुछ ऐसे जिले हैं जहां की संक्रमण दर काफी अधिक है।
इनमें विभाग ने सात जिलों मोहाली, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, मानसा और पठानकोट को चिह्नित किया है। अन्य 15 जिलों के सर्वे में संक्रमण दर 10 प्रतिशत से भी कम मिली है। इनमें फरीदकोट की संक्रमण दर सबसे कम 3.59 प्रतिशत है। यहां हर रोज संक्रमण के लगभग 35-40 मामले ही सामने आ रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग ने सात जिलों पर फोकस करने के लिए कार्ययोजना बनानी शुरू कर दी है।