चंडीगढ़/मोहाली। ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को मोहाली में जहां चार कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई, वहीं ट्राइसिटी में रिकॉर्ड 257 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें चंडीगढ़ के 89, मोहाली के 93 और पंचकूला के 75 मरीज शामिल हैं। कोरोना का संक्रमण दिनोंदिन बढ़ने से प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी चिंतित हैं।
चंडीगढ़ में कोरोना का संक्रमण मंगलवार को एसडीएम (ईस्ट) सुधांशु गौतम के कार्यालय तक पहुंच गया। एसडीएम कार्यालय में सीनियर असिस्टेंट समेत चार कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मचा रहा। हालांकि राहत की बात यह है कि एसडीएम सुधांशु गौतम की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एहतियातन एसडीएम कार्यालय को दो दिन के लिए बंद कर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि सोमवार को एसडीएम (ईस्ट) कार्यालय के कर्मचारियों में संक्रमण के प्राथमिक लक्षण दिखाई दिए थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसडीएम (ईस्ट) सुधांशु गौतम सहित अन्य कार्यालय कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे। मंगलवार को एसडीएम की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि सीनियर असिस्टेंट सहित चार कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिन कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें सीनियर असिस्टेंट, क्लर्क, पर्सनल असिस्टेंट और ऑफिस ब्वॉय शामिल हैं।
उधर, मोहाली में कोरोना से जिन चार लोगों ने दम तोड़ा है उनमें सेक्टर-65 निवासी 76 वर्षीय एक बुजुर्ग भी शामिल हैं, जो बीपी, शुगर और टीबी से पीड़ित थे। वहीं, गांव मामपुर निवासी संक्रमित 56 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई, वह मधुमेह से पीड़ित थीं। इसके अलावा डेराबस्सी के 42 वर्षीय व्यक्ति और जीरकपुर के 87 वर्षीय बुजुर्ग की भी कोरोना से मौत हो गई। बुजुर्ग फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे। इसके अलावा मोहाली में 93 नए केस कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें 45 केस शहर से और बाकी सब डिवीजन खरड़ और जीरकपुर से हैं। मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में अब कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 2004 हो गई है। इनमें से 995 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं और अभी 969 एक्टिव केस हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या 40 पहुंच गई।
किशनगढ़ के दो परिवार में 16 लोग मिले संक्रमित
चंडीगढ़ में मंगलवार को 89 पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 2305 हो गई है। वहीं, 60 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। मंगलवार को पॉजिटिव आए 89 मरीजों में से 66 की आरटीपीसीआर से और 23 में रैपिड एंटीजन किट से की गई जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। इन मरीजों में सेक्टर-40 के एक ही परिवार के 7 सदस्य, सेक्टर-61 के एक ही परिवार के 5 सदस्य और किशनगढ़ के दो अलग-अलग परिवार के 16 सदस्य संक्रमित हुए हैं। जबकि अन्य मरीज अलग-अलग सेक्टरों के हं। सेक्टर-40 में संक्रमित मिले मरीजों में एक ही परिवार के 22 साल के युवक, 40 साल के दो पुरुष, 8 साल के बच्चे, 15 साल की किशोरी, 25 साल की युवती, 19 साल की किशोरी व 42 साल की महिला शामिल हैं। वहीं, सेक्टर 61 के एक ही परिवार की 17 साल की किशोरी, 58 साल की महिला, 22 साल के युवक, 28 साल की युवती और 32 साल के पुरुष में कोरोना की पुष्टि हुई है जबकि किशनगढ़ के एक परिवार में 28 साल के युवक, 59 साल के पुरुष, 54 साल की महिला, 79 साल की वृद्धा, 31 साल के पुरुष, 29 साल की युवती, 2 साल के बच्चे और 54 साल के पुरुष में कोरोना की पुष्टि हुई है। किशनगढ़ के ही अन्य संक्रमित परिवार में 49 साल की महिला, 36 साल की महिला, 35 साल की महिला, 31 साल के पुरुष, 18 साल की युवती, 14 साल की बच्ची, 13 साल के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।