चंडीगढ़। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शहर के मुक्केबाज मनीष कौशिक का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए प्रस्तावित कर खेल मंत्रालय को भेजा है। मनीष युवा मुक्केबाज हैं और एसडी कॉलेज-32 के पूर्व छात्र रह चुके हैं। वह पिछले कई वर्षों से मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं सिटी के फुटबाल खिलाड़ी संदेश झिंगन का नाम भी अर्जुन अवार्ड के लिए नामित किया गया है।
बता दें कि मनीष ने इसी वर्ष मार्च महीने में टोक्यो ओलंपिक के लिए अपना स्थान पक्का किया था। उन्होंने पिछले साल 63 किलो भार वर्ग में आस्ट्रेलिया के मुक्केबाज हैरिसन गरसिडे को हराकर टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल किया था। मनीष कौशिक ओलंपिक में अपनी जगह पक्की करने वाले नौवें भारतीय मुक्केबाज हैं। वह मूल रूप से भिवानी के देवसर गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2015-16 में एसडी कॉलेज सेक्टर-32 में उन्होंने बीए प्रथम वर्ष में एडमिशन लिया था। इसके बाद बीए द्वितीय वर्ष में उन्हें फौज में सूबेदार की नौकरी मिल गई थी। अब वह भिवानी के साई हॉस्टल में मुक्केबाजी का अभ्यास करते हैं। मनीष ने साल 2014 में पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ से ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता था। मनीष इससे पहले साल 2018 में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल, वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल, साल 2017 एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।