चंडीगढ़ नगर निगम ने कोरोना काल में पानी के दाम बढ़ाकर शहरवासियों को झटका दिया है। पहले शहरवासियों को महीने में 31 से 60 किलो लीटर (केएल) पानी का इस्तेमाल करने पर 6 रुपये प्रति केएल के हिसाब से बिल देना पड़ता था, लेकिन अब दोगुने दाम 12 रुपये प्रति केएल के हिसाब से अदा करना होगा। यूटी प्रशासन ने शुक्रवार को इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है।
नगर निगम सदन की फरवरी में हुई बैठक में पानी के दाम को बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी थी। इसे लेकर नगर निगम में काफी विरोध भी हुआ था। पानी के रेट बढ़ने के एजेंडे का कांग्रेस पार्षद देवेंद्र सिंह बबला, गुरबख्श रावत और शीला देवी ने विरोध किया था। इसके बावजूद जब पानी के रेट बढ़ाने का एजेंडा पास कर दिया गया तो कांग्रेस पार्षदों ने सदन की बैठक से वाकआउट कर दिया था। हालांकि, फिर भी शहर में पानी के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है।
आदेशों के तहत अब 0-15 किलो लीटर की स्लैब में पहले जहां 2 रुपये केएल देने पड़ते थे, वहां अब 3 रुपये केएल देने पड़ेंगे। इसी तरह 16 से 30 केएल की स्लैब में 4 रुपये किलो लीटर की जगह 6 रुपये चुकाने होंगे। 31 से 60 केएल की स्लैब में 6 रुपये प्रति केएल की जगह 12 रुपये प्रति केएल चुकाने होंगे। वहीं, 60 केएल से अधिक के इस्तेमाल पर पहले जहां 8 रुपये प्रति केएल चुकाने पड़ते थे, वहां अब 24 रुपये प्रति केएल चुकाने पड़ेंगे। इसके अलावा हर वित्तीय वर्ष के पहले दिन से दाम अपने आप ही 3 प्रतिशत बढ़ जाएंगे, इसके लिए किसी तरह का प्रस्ताव लाने की जरूरत नहीं होगी।