कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने कोरोना को महामारी रोग घोषित कर दिया है। साथ ही सभी सरकारी व गैर सरकारी (एडेड और अन-एडेड) स्कूलों को 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के साथ स्कूल की वार्षिक और मूल्यांकन परीक्षाओं पर इसका कोई विपरीत असर नहीं पड़ेगा। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने की छूट रहेगी। चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया है।
आदेश में कहा गया है कि स्कूल के शिक्षण या प्रबंधन के कर्मचारी किसी भी अग्रिम आदेश तक स्कूल नहीं आएंगे। साथ ही अभिभावकों को हिदायत दी गई है कि वे किसी भी सार्वजनिक सभा या भीड़भाड़ वाले आयोजन से स्कूली बच्चों को बचाएं। स्कूल प्रबंधन को निर्देश हैं कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले दिशा निर्देशों का समय-समय पर पालन करते रहें।
प्रशासक ने की अपील
पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने शहर के लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा है कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्वस्थ व्यक्तियों को मास्क पहनने की भी सलाह दी है।