चंडीगढ़। ट्राइसिटी में वीरवार को रिकॉर्ड 1649 नए संक्रमित मिले। वर्ष 2021 में एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, चार संक्रमितों की मौत की पुष्टि भी की गई। मृतकों में से तीन चंडीगढ़ जबकि एक मोहाली का रहने वाला था। नए संक्रमितों में सबसे अधिक 860 मरीज मोहाली में जबकि चंडीगढ़ और पंचकूला में क्रमश: 412 और 377 लोग संक्रमित मिले। दिनोंदिनों संक्रमितों की बढ़ती संख्या से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि कोरोना से बचाव के नियमों का कड़ाई से पालन करें।
चंडीगढ़ में जिन तीन मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-48 निवासी 73 वर्षीय वृद्धा ने मोहाली स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही हृदय की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थीं। वहीं, सेक्टर-51 निवासी 81 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान जीएमसीएच 32 में मौत हो गई। वह सांस की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे जबकि मलोया निवासी 36 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान जीएमएसएच 16 में मौत हो गई । वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही टीबी की मरीज थीं।
चंडीगढ़ में 8 से 15 अप्रैल के बीच पांच दिन 400 से ज्यादा नए केस सामने आने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। बचाव के तमाम उपायों के बावजूद संक्रमण की चेन कमजोर नहीं हो पा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 2964 लोगों की कोरोना की जांच की। इनमें से 412 संक्रमित मिले, जबकि 65 की रिपोर्ट आनी बाकी है। तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण से शहर में सक्रिय केसों की संख्या 3729 पर पहुंच गई है। वहीं अब तक 407 मरीजों की मौत हो चुकी है। वही एकांतवास में रखे गए 409 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
वीरवार को चंडीगढ़ में मिले नए संक्रमित में पुरुषों की संख्या 229 व महिलाओं की संख्या 183 रही। मनीमाजरा में सबसे अधिक 34 मरीज संक्रमित मिले। वहीं, सेक्टर-51 में 12, सेक्टर-49 में 12 ,सेक्टर-46 में 13, सेक्टर-38 में 14, सेक्टर-19 में 17, सेक्टर-18 में 11, सेक्टर-22 में 12, सेक्टर-33 में 21, सेक्टर-37, 42 और 43 में 10-10 मरीज मिले। वहीं, पीजीआई परिसर में भी तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बॉक्स
सेक्टर-26 और सात में चला जांच अभियान
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सेक्टर-26 और सेक्टर-7 में वीरवार को कोरोना जांच अभियान चलाया गया। इसके तहत विभिन्न क्लबों और रेस्टोरेंट के लगभग 190 कर्मचारियों की कोरोना जांच के लिए नमूने लिए गए।