माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। कोरोना वायरस फेफड़े के साथ शरीर के विभिन्न अंगों पर दुष्प्रभाव डाल रहा है। किसी को हृदय रोग संबंधी परेशानी हो रही है तो किसी को लिवर में समस्या आ रही है। इसके बीच कोरोना वायरस त्वचा को भी प्रभावित करने लगा है। त्वचा रोग विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना के ठीक हो चुके मरीज स्किन ड्राइनेस, कालेपन और खारिश की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस त्वचा को रंग देने वाले सेल्स को भी प्रभावित कर रहा है, जिसका असर अब सामने आने लगा है। कोरोना के मरीजों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है ताकि त्वचा को संक्रमण से बचाया जा सके।
एग्जिमा और सोरायसिस में ज्यादा परेशानी
कोरोना के ठीक हो चुके मरीजों में बढ़ती त्वचा संबंधी परेशानी गंभीर समस्या बन रही है। नेशनल स्किन हॉस्पिटल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि कोरोना के ठीक हो चुके मरीजों में स्किन ड्राइनेस और कालेपन के साथ खारिश की शिकायत ज्यादा सामने आ रही है। इसके अलावा सोरायसिस और एग्जिमा के मरीजों की स्थिति भी बेहद गंभीर है। इन मरीजों को अभी ज्यादा दवाइयां नहीं दी जा सकतीं। कोरोना के कारण त्वचा के रंग का काला होना यह साबित कर रहा है कि कोरोना वायरस रंग देने वाले सेल्स को प्रभावित कर रहा है। इस तरह की परेशानी लेकर काफी मरीज अस्पताल आ रहे हैं।
स्किन वैरियर की जरूरत
डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि कोरोना के कारण त्वचा के कालेपन और खारिश को नियंत्रित करने के लिए दवाइयों का प्रयोग बेहद सावधानी से करना पड़ रहा है। इन परेशानियों में जिन दवाओं का प्रयोग किया जाता है, वह कोरोना में खतरनाक साबित हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में बचाव के लिए एडवांस स्किन वैरियर क्रीम का प्रयोग कर त्वचा को सुरक्षित रखें।
खानपान में बरतें एहतियात
जीएमएसएच-16 के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजीत पाल ने बताया कि मौजूदा समय में त्वचा संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। विटामिन सी वाले प्रोडक्ट जैसे आंवला, कीवी, अनार की मात्रा बढ़ा दें। नारियल पानी फायदेमंद है, भोजन में हरी सब्जियां भरपूर मात्रा में लें।
ऐसे करें बचाव
- अच्छी क्वालिटी की मॉस्चराइजर क्रीम का प्रयोग करें।
-ऊनी कपड़ा सीधे त्वचा के संपर्क में नहीं आना चाहिए। पहले सूती कपड़े पहनें फिर ऊनी।
- कंबल की बजाय कॉटन की रजाई का प्रयोग करें।
- ज्यादा तेज गर्म पानी से नहाने की बजाय गुनगुने पानी से नहाएं।
- नहाने से कुछ देर पहले पूरे शरीर पर नारियल तेल से अच्छी तरह मालिश करें।
- नहाने के 15 मिनट के अंदर ही मॉस्चराइजर क्रीम लगाएं, तभी उसका फायदा होगा।
- साबुन भी मॉस्चराइजर वाला ही प्रयोग में लाएं, जिसका पीएच 5.8 होना चाहिए क्योंकि त्वचा का भी यही है।