चंडीगढ़। कोरोना का संक्रमण मंगलवार को एसडीएम (ईस्ट) सुधांशु गौतम के कार्यालय तक पहुंच गया। एसडीएम कार्यालय में सीनियर असिस्टेंट समेत चार कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह है कि एसडीएम सुधांशु गौतम की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एहतियातन एसडीएम कार्यालय को दो दिन के लिए बंद कर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि सोमवार को एसडीएम (ईस्ट) कार्यालय के कर्मचारियों में संक्रमण के प्राथमिक लक्षण दिखाई दिए थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसडीएम (ईस्ट) सुधांशु गौतम सहित अन्य कार्यालय कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे। मंगलवार को एसडीएम की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि सीनियर असिस्टेंट सहित चार कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिन कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें सीनियर असिस्टेंट, क्लर्क, पर्सनल असिस्टेंट और ऑफिस ब्वाय शामिल हैं।