गुरुनगरी अमृतसर की एक मात्र माइक्रो बायोलॉजिस्ट डॉ. बेबीका महिंदर तख्त श्री हजूर साहिब से आए श्रद्धालुओं की जांच के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गई। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में दाखिल करवाया गया।
यह डॉक्टर जिला प्रशासन द्वारा कोरोना के मरीजों के लिए स्थापित एक क्वारंटीन केंद्र में तैनात थी। वीरवार देर शाम जब वह श्रद्धालुओं के सैंपल ले रही थी तो अचानक चक्कर आने से नीचे गिर गई। वहां तैनात डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉ. बेबीका बीते 40 दिनों से कोरोना पीड़ित मरीजों की जांच की टीम की सदस्य हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जब भी किसी डॉक्टर को जांच के लिए क्वारंटीन केंद्र में बुलाया जाता है तो डॉक्टरों को पीपीई किटों का इंतजाम खुद करने के लिए कहा जाता है। जांच उपकरण स्टोर कीपर से लेने के लिए कहा जाता है। कोई भी वरिष्ठ अधिकारी शिकायत सुनने के लिए तैयार नहीं है। प्रशासन ने मरीजों की जांच के लिए दो टीम का गठन किया हुआ है। हर टीम में तीन डॉक्टर शामिल हैं।