चंडीगढ़। सेक्टर 44/डी मार्केट में चोरों ने 17 दुकानों के एसी से तांबे के तार चोरी कर लिए। शातिर चोरों ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए। मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन की शिकायत पर सेक्टर 34 थाना पुलिस जांच में जुटी है।
मार्केट के प्रधान अनिल वोहरा ने बताया कि वीरवार को उनकी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे नहीं चल रहे थे। इसके बाद देखा कि मार्केट स्थित सीढ़ी के पास कैमरे का तार कटा हुआ है। मैकेनिक को बुलाया तो पता चला कि छत पर लगे करीब 17 दुकानों के एसी का तांबे का तार चोरी कर लिया गया है। अनिल वोहरा ने बताया कि आरोपियों ने सिर्फ उसी सीसीटीवी कैमरे का तार काटा है, जो सीढ़ी की तरफ था। आरोपियों ने चोरी की वारदात को कब अंजाम दिया है, अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस फिलहाल मार्केट के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।