10 साल पहले पति की मौत के बाद 15 वर्षीय बेटे के सहारे जिंदगी काटने वाली मां ने कभी सोचा नहीं होगा कि उसको अपने बेटे की यह हालत देखनी पडे़ंगी। 5 दिन पहले इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित एल्टियस होटल के लिफ्ट में फंसकर गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती होटल के कुक अनुज सिंह की जान तो डाक्टरों ने बचा ली लेकिन उसके रीढ़ की हड्डी टूटने की रिपोर्ट से मां की आंखों में मायूसी छा गई है। फिलहाल वह खुश है कि उनका बेटा उनके बीच में है।
पीड़ित मां ने कहा कि वह बेटे अनुज को सही-सलामत करवाने के लिए अच्छे से अच्छा इलाज करवाने में पीछे नहीं रहेंगी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जब से जॉब करने लगा है वह घर की सभी जरूरतों का पूरा ख्याल रखता है।
इलाज से लेकर ऑपरेशन तक पूरी जिम्मेवारी लूंगा
एल्टियस होटल के मालिक व मनोनीत पूर्व पार्षद एमपीएस चावला ने कहा कि डाक्टरों ने अनुज की हालत खतरे से बाहर बताई है। अभी उसका एक ऑपरेशन होगा जिसके बाद वह ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण अनुज लिफ्ट में फंसा था। उन्होंने कहा कि अनुज के इलाज की जिम्मेवारी उनकी है।