चंडीगढ़। कूच बिहार ट्रॉफी के पहले दिन चंडीगढ़ के 114 रन के जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने पर गुजरात ने 5 विकेट खोकर 125 रन बना लिए हैं। इस तरह गुजरात को पहली पारी में 11 रन की बढ़त मिल चुकी है।
गुजरात के बडोदरा में खेले जा रहे मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलने उतरी चंडीगढ़ की टीम को गुजरात के गेंदबाजों का कड़ा सामना करना पड़ा। एक समय में चंडीगढ़ की आधी टीम 50 रन पर पवेलियन लौट गई। अर्णव बंसल (16), कप्तान मोहित मेहरा (1), हरमन (12), शुभम (6), पारस (19) तथा आलम बख्शी (1) रन पर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सोहेल ने पारी को संभालते हुए 4 चौकों की मदद से 28 रन की पारी खेली। इसके बाद आए बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके। पूरी टीम 43.2 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई।
गुजरात की तरफ से शेन पटेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 48 रन देकर चार और यश ने 17 रन देकर चार विकेट चटकाए। जवाब में गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के सल्लामी बल्लेबाज एसजे पटेज (5) रन और वेद पटेल (13) रन पर ही आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर से ओपनर बल्लेबाज आर्य देसाई ने बेहतरीन बल्लेबाजी कायम रखी और टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचाया, लेकिन दूसरे छोर से बल्लेबाजों का पवेलियन लौटना जारी रहा। टीम के रूद्र पटेल (15), पटेल ध्रुमीन (6) तथा यश सोलंकी (19) रन पर आउट हो गए। दूसरे छोर पर आर्य देसाई ने अपना अर्धशतक पूरा किया।
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर आर्य देसाई ने 10 चौके की मदद से नाबाद 61 रन और प्रांशू नाबाद 4 रन पर खेल रहे थे। पहले दिन के खेल खत्म होने तक गुजरात ने 5 विकेट खोेकर 125 रन बनाए लिए हैं। गेंदबाजी में चंडीगढ़ से मोहम्मद अशद ने 19 रन देकर दो, जसकीरत और हरीश ने एक-एक विकेट चटकाया।