चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) ने 15 मार्च को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारी कर ली है। अभिभावकों की गैर मौजूदगी में ही 600 विद्यार्थियों को डिग्री देकर सम्मानित किया जाएगा। पहली बार ऐसा होगा जब विद्यार्थियों की जिंदगी के इस अहम क्षण में उनके अभिभावक साथ नहीं होंगे। 2004 में पंजाब विश्वविद्यालय से पेक अलग हुआ था। तभी से पेक दीक्षांत समारोह मनाता आ रहा है।
पेक ने पहले ही विद्यार्थियों को विकल्प दिया था कि अगर मार्च में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाता है तो अभिभावक शिरकत नहीं कर पाएंगे। यह कदम कोरोना दिशा-निर्देशों के चलते उठाया गया है।
पेक ने दीक्षांत समारोह आयोजित करवाने के लिए विद्यार्थियों के बीच सर्वे करवाया था। इस दौरान उनसे पूछा गया था कि अगर वे अभिभावकों को कार्यक्रम में लाना चाहते हैं तो दीक्षांत समारोह हालात सामान्य होने के बाद ही आयोजित किया जाएगा अन्यथा 2020 में पास हुए विद्यार्थियों को मार्च में डिग्री देने के लिए दीक्षांत समारोह आयोजित करवा दिया जाएगा।