हरियाणा में राजनीति गरमा रही है। पूर्व सीएम हुड्डा और कैप्टन अजय यादव आमने-सामने हो गए हैं और दोनों ओर से तल्ख बयानबाजी जारी है। कैप्टन अजय यादव के बयान के बाद हुड्डा समर्थक कांग्रेस के नेता कैप्टन के खिलाफ एकजुट हो गए हैं।
दक्षिण हरियाणा के प्रमुख कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल, पूर्व सीपीएस राव दान सिंह व पूर्व सीपीएस अनिता यादव ने कैप्टन अजय यादव पर विपक्षी दलों के हाथों में खेलने का आरोप लगाया है।
इन नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि कैप्टन उन लोगों में शुमार हैं, जिन्होंने पद और शोहरत तो कांग्रेस से हासिल की, लेकिन अपनी अनर्गल बयानबाजी व आचरण से कांग्रेस की ही लुटिया डुबोने में लगे हैं।
अहीरवाल में आज भी कैप्टन अजय यादव की कुटिल चालों से सांप्रदायिक व जातीय ताकतों को कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिल जाता है। वे मौके-बेमौके ऐसा बयान दे डालते हैं, जिससे विपक्षियों को बैठे बिठाए मसाला मिल जाता है।
हुड्डा समर्थक कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि कैप्टन की ओर से दक्षिण हरियाणा के पार्टी नेताओं को पिछलग्गू की संज्ञा देना उनके मानसिक दिवालिएपन व कुंठा को दर्शाता है। कोई भी पार्टी के लिए समर्पित नेता या कार्यकर्ता कैप्टन अजय यादव जैसे अस्थिर मानसिकता वाले व अवसरवादी व्यक्ति को अपना नेता कैसे मान सकते हैं। इसी खीझ में कैप्टन ऊल-जलूल बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में उनका साथ कैसे दिया जा सकता है।
...उस समय कैप्टन कहां थे
कांग्रेसी नेताओं ने साफ किया है कि 2009 के विधानसभा चुनाव में 40 सदस्यीय कांग्रेस विधायक दल को स्थिर सरकार बनाने और समर्थन की जरूरत थी तो उस समय हजकां के 5 विधायकों ने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया।
इसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी जो सफलतापूर्वक पूरे कार्यकाल तक चली। उस सरकार में कैप्टन अजय यादव खुद मंत्री भी रहे हैं। यदि इसमें कोई खरीद-फरोख्त थी तो कैप्टन को उस मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होना चाहिए था।
सीएम के सपने तो मैं अब देखना शुरू करुंगा: कैप्टन
कैप्टन अजय यादव ने फोन पर बताया कि पहले तो उन्होंने सीएम बनने के लिए सपने नहीं देखे थे, लेकिन अब देखना शुरू करूंगा। यह पूरे अहीरवाल की भावनाएं हैं कि सीएम अहीरवाल से हो। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा कांग्रेस में अपने अलावा किसी को कुछ नहीं समझते हैं।