पंजाब में गेहूं की खरीद के दौरान किसानों और आढ़तियों की सुविधा के लिए मंडी बोर्ड के मुख्यालय में स्थापित स्टेट कंट्रोल रूम ने सभी 22 जिलों के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं। वहीं, पंजाब सरकार ने किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने का दावा किया है। राज्य में गेहूं की खरीद शुरू हो गई है।
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि किसानों और आढ़तियों को खरीद से संबंधित किसी भी मसले पर पहले संबंधित मार्केट कमेटी के सचिव के साथ तालमेल करना चाहिए और अगर मसला हल नहीं होता तो वे अपने-अपने जिले के कंट्रोल रूम से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए इस बार पंजाब मंडी बोर्ड मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में विशेष टीम ड्यूटी निभाएगी जो सुबह से शाम तक किसानों, आढ़तियों और अन्यों की शिकायतें का निपटारा करेगी।
इन नंबरों पर शिकायत करें किसान
अमृतसर जिले के किसान और आढ़ती 0172-5101647 पर, बरनाला के 0172-5101673, बठिंडा के 0172-5101668, फरीदकोट के 0172-5101694, फतेहगढ़ साहिब के 0172-5101665 और फाजिल्का के 0172-5101650 पर संपर्क कर सकते हैं। इसी तरह फिरोजपुर के लिए 0172-5101609, गुरदासपुर के लिए 0172-5101619, होशियारपुर के लिए 0172-5101605, जालंधर के लिए 0172-5101682, कपूरथला के लिए 0172-5101620, लुधियाना के लिए 0172-5101629 और मानसा के लिए 0172-5101648 नंबर जारी किया गया है।
मोगा के लिए 0172-5101700, मोहाली के लिए 0172-5101641, पठानकोट के लिए 0172-5101651, पटियाला के लिए 0172-5101652, रोपड़ के लिए 0172 -5101646, संगरूर के लिए 0172-5101692, नवांशहर के लिए 0172-5101649, श्री मुक्तसर साहिब के लिए 0172-5101659 और तरनतारन के लिए 0172-5101643 नंबर है।
दो दिन में 66321 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद
सरकारी एजेंसियों ने गेहूं खरीद के दूसरे दिन रविवार को राज्य में बने 4000 क्रय केंद्रों से 66321 मीट्रिक टन खरीद की। प्रवक्ता ने बताया कि पहले दिन 2642 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी। पनग्रेन ने 652 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 442 टन, पनसप ने 818 टन, पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन ने 180 मीट्रिक टन और केंद्र सरकार की एजेंसी एफसीआई ने 10 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा।