इसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग में तेलूराम का सिक्का जम गया था। आरएस को-ऑपरेटिव श्रम और निर्माण सभा नवांशहर के प्रधान हनी कुमार ने 2020-21 में नवांशहर व राहो क्लस्टर और पीजी गोदाम नवांशहर में केवल लेबर के टेंडर बेसिक रेट पर डाले थे लेकिन विभाग ने इन्हें बगैर किसी आधार के रद्द कर दिए।
नवांशहर क्लस्टर के ये टेंडर ठेकेदार तेलूराम को 71 फीसदी अधिक और अन्य राहो क्लस्टर को 72 फीसदी अधिक रेट पर यशपाल व अजय को दिए गए। इसके बाद साल 2022-23 के टेंडरों में हनी कुमार ने सभा की तरफ से लेबर के काम के लिए राहो क्लस्टर और नवांशहर क्लस्टर में बेसिक रेट पर टेंडर डाले लेकिन जिला अलॉटमेंट समिति द्वारा हनी के टेंडरों को रद्द कर ठेकेदार अजयपाल को नवांशहर क्लस्टर में लेबर कार्यों के लिए 73 फीसदी अधिक और राहो क्लस्टर में 72 फीसदी अधिक रेट पर टेंडर दिए गए।
बच्चों के आधार कार्ड इस्तेमाल कर ले लिया ठेका
टेंडर भरते समय ठेकेदारों द्वारा मुहैया करवाए गए मजदूरों के आधार कार्ड की फोटो कॉपी कई बच्चों की निकली। इसमें कई आधार कार्ड नाबालिग बच्चों, कई 60 साल से अधिक उम्र के लोगों के हैं। अधिकारियों ने इसकी जांच ही नहीं की और तेलूराम ने जो कहा उसी पर मोहर लगती चली गई। जिला टेंडर समिति को संबंधित ठेकेदारों की तकनीकी बिड खारिज करनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया।