चंडीगढ़। अगर किसी कार्यालय या संस्थान में कोरोना की प्रिकॉशन डोज के लिए शिविर लगवाना है तो स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कीजिए। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तय जगह पर आकर लाभार्थियों को टीका लगाएगी। शिविर के लिए कम से कम लाभार्थियों की संख्या 50 होनी चाहिए। यह जानकारी स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह से उनके मोबाइल नंबर-9463488086 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने कोरोना संक्रमण दर को ध्यान में रखते हुए लोगों से जल्द से जल्द प्रिकॉशन डोज लगवाने की अपील की है। वहीं, उनका कहना है कि 12-14 साल के बच्चों का भी टीकाकरण जल्द से जल्द पूरा होना बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही सोमवार और मंगलवार को दो दिन लगातार विशेष टीकाकरण सत्र चलाया जाएगा। इसके तहत सार्वजनिक और निजी कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, रेलवे स्टेशन, अंतर राज्यीय बस स्टेशनों पर विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। सोमवार को सेक्टर-9 स्थित हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर -6 स्थित यूटी गेस्ट हाउस, सेक्टर-43ए स्थित शिव मंदिर और सेक्टर-49डी के सरकारी स्कूल में शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा 19 जुलाई को सेक्टर-27बी स्थित प्रेस क्लब में शिविर लगाया जाएगा।
इनसेट-
नियमित सत्र लगातार चलेंगे
यशपाल गर्ग ने बताया कि प्रिकॉशन डोज का विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 सितंबर (75 दिन) तक चलाया जाएगा। 18 वर्ष के सभी व्यक्ति और जिन्होंने दूसरी खुराक के बाद 6 महीने या 26 सप्ताह पूरे कर लिए हैं, इसकी खुराक लगवा सकते हैं। इसके लिए पीजीआई, जीएमसीएच-32,जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल-45, 22, मनीमाजरा और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सेक्टर-42 में नियमित सत्र चलेंगे।