सुखना लेक चौकी में तैनात कांस्टेबल अनुज कुमार ने लावारिस मिला रुपयों से भरे बैग को मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल कायम की।
बैग पंजाब नेशनल बैंक सेक्टर-17 के कैशियर सोमनाथ शर्मा का था। बैग में बैंक के लॉकर की चांबियां भी थी। कैशियर सोमनाथ शर्मा ने बैग मिलने के बाद कांस्टेबल अनुज और सुखना पुलिस चौकी इंचार्ज मिन्नी भारद्वाज का धन्यवाद किया।
सुखना लेक चौकी में तैनात कांस्टेबल अनुज कुमार पेट्रोलिंग कर रहा था। शनिवार शाम साढ़े छह बजे हीरा सिंह चौक पर कांस्टेबल को बैग गिरा मिला। कांस्टेबल ने जब बैग खोला तो उसके अंदर 6300 नगदी और बैंक की चाबी थी। कांस्टेबल ने तुरंत बैग मिलने की जानकारी अपनी इंचार्ज मिन्नी भारद्वाज को दी।
पुलिस ने तुरंत पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर सोमनाथ से संपर्क किया और उसे पुलिस चौकी में बुलाकर उसका बैग वापस किया। सुखना लेक चौकी इंचार्ज ने अपने जवानों को इस तरह ईमानदारी दिखाने के लिए कहा और लोगों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया। सेक्टर 30 निवासी बैंक कैशियर सोमनाथ शर्मा ने बताया कि बैंग ड्यूटी से घर जाते हुए मोटरसाइकिल से गिर गया था। उन्होंने सुखना लेक चौकी पुलिस का धन्यावाद किया।