कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सोनाली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्या हरियाणा के सरकारी कर्मचारी अब भाजपा के नेताओं के थप्पड़ खाने के लिए हैं? क्या हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को भाजपा के कार्यकर्ता जाकर पीट कर आएंगे? बेइज्जत करके आएंगे? हरियाणा के कर्मचारियों का कोई मान सम्मान नहीं बचा। उनकी कोई सुरक्षा नहीं। ऐसे भाजपा नेताओं के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं की तो साबित हो जाएगा कि यह भाजपा नेता सरकार के इशारे पर सरकारी कर्मचारियों पर हमला बोल रही है।
किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं: गर्ग
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि किसी भी नेता को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। किसी भी सरकारी अधिकारी से मारपीट नहीं करनी चाहिए। गर्ग ने कहा कि किसी भी नेता को सरकारी अधिकारी से कोई शिकायत है तो उसके खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करें या बातचीत से समस्या का समाधान करना चाहिए।
मारपीट दुर्भाग्यपूर्ण, कार्रवाई न हुई तो आंदोलन करेंगे: लांबा
सर्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा अधिकारी की पिटाई दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करे। अगर कार्रवाई न हुई तो कर्मचारियों का हौसला टूटेगा और इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति हो सकती है। सरकार जल्द उचित कार्रवाई करे, नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा।
मारपीट को भाजपा उचित नहीं मानती: बराला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि किसी के साथ भी मारपीट को भाजपा उचित नहीं मानती। पूरे मामले की पड़ताल के बाद ही स्थिति साफ होगी तभी निर्णय लिया जाएगा।