कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू
- फोटो : फाइल
पंजाब से आतंक का खात्मा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते और लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार उन्हें गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नाम से धमकी दी गई है। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू लगातार आतंकियों के खिलाफ बोलते रहे हैं और पंजाब से गैंगस्टरों को खत्म करने की बात भी कहते हैं।
सांसद बिट्टू ने विदेशी नंबर से फोन आने और धमकी देने की शिकायत पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से की है। इसके बाद उन्होंने जल्द ही जांच का आश्वासन दिया और पुलिस को भी सख्त आदेश जारी किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोई कोताही न बरतें। इसके अलावा जिला यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान राजीव राजा को भी जान से मारने की धमकी मिली है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में किसानों को तोहफा: गन्ने के मूल्य में 20 रुपये का इजाफा, अब 380 रुपये प्रति क्विंटल में बिकेगा
उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तभ शर्मा को दी है। सीपी डॉ. शर्मा ने इस मामले की जांच का आदेश जारी कर दिया है। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के पास रविवार को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नाम से फोन आया और धमकी देने वाले ने सांसद रवनीत सिंह बिट्टू से कहा कि वह बंदी सिंहों की रिहाई में अड़चन न डालें।
धमकी देने वाले ने कहा कि बंदी सिंहों के खिलाफ बिट्टू बोलना बंद कर दें नहीं तो अंजाम बुरा होगा। पहले ही सांसद बिट्टू की जेड श्रेणी की सुरक्षा बढ़ाकर जेड प्लस कर दी गई है। अब सांसद बिट्टू की दिल्ली कोठी का सुरक्षा घेरा भी बढ़ाया गया है। लुधियाना कोठी के बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। पुलिस अधिकारियों ने कोठी के बाहर गार्ड तैनात करने के साथ हाई क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि विदेशी नंबर से बिट्टू को कॉल आई है।
यह भी पढ़ें- Haryana: राम रहीम के परिवार पहचान पत्र में हनीप्रीत का नाम, परिवार को किया बाहर, अब शुरू हुईं ये चर्चाएं