चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के बाहर कांग्रेसी विधायकों ने सोमवार को रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने आप सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने प्रदेश में नशा खत्म करने का झूठा वादा किया है। असलियत यह है कि नशे ने पंजाब को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने कहा कि सदन में बिल विधायकों को तीन दिन पहले मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि आठ बिल एक साथ पेश किए गए हैं। दस दिन सत्र होने के बावजूद इतने बिलों पर एक साथ चर्चा संभव नहीं है। बाजवा ने 64 हजार नौकरियों की सूची पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस सूची में 70 फीसदी गैर-पंजाबी हैं। उन्होंने इसकी विस्तृत जानकारी मांगी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सरकार पर प्रमुख आरोप :
प्रताप बाजवा ने सरकार पर कई अन्य आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम अभी तक लागू नहीं की गई है। कर्मचारियों को डीए भी जारी नहीं किया जा रहा है। बुढ़ापा पेंशन बढ़ाने की बात कही गई थी लेकिन उस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। इन सभी मुद्दों को लेकर ही कांग्रेसी विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं।